बोकारो: चास की गालीबाज अफसर सुषमा कुमारी पर गिरी गाज, एसपी ने किया लाइन हाजिर

चास थाना प्रभारी लाइन हाजिर
Bokaro Police News: बोकारो पुलिस की कार्यशैली फिर विवादों में है. चास थाना प्रभारी सुषमा कुमारी का एक व्यक्ति से अभद्र भाषा में बात करने का ऑडियो वायरल हुआ है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी हरविंदर सिंह ने एसडीपीओ से जांच कराई और रिपोर्ट मिलते ही थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से हटाकर पुलिस केंद्र भेज दिया है.
Bokaro Police News, बोकारो (रंजीत कुमार की रिपोर्ट): झारखंड के बोकारो जिले में पुलिस की कार्यशैली और व्यवहार पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. सोमवार को सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप तेजी से वायरल हुई, जिसमें चास थाना प्रभारी सुषमा कुमारी एक अजय नामक व्यक्ति के साथ बेहद अमर्यादित और अभद्र भाषा का प्रयोग करती सुनाई पड़ी. इस वायरल क्लिप ने देखते ही देखते पूरे जिले में तूल पकड़ लिया और पुलिस विभाग की छवि पर सवाल उठने लगे. वायरल ऑडियो पर संज्ञान लेते हुए बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया. उन्होंने तत्काल प्रभाव से इसकी जांच अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) चास सदर प्रवीण कुमार सिंह को सौंपी. एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ ने तुरंत वायरल क्लिप की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच की. शाम होते-होते एसडीपीओ ने अपनी जांच प्रतिवेदन एसपी को सौंप दिया, जिसमें मामला सही पाया गया.
तत्काल प्रभाव से तबादला और पुलिस केंद्र में पोस्टिंग
जांच रिपोर्ट में पुष्टि होने के बाद एसपी हरविंदर सिंह ने कड़ा रुख अपनाया. उन्होंने पुलिस निरीक्षक सुषमा कुमारी को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक के लिए पुलिस केंद्र बोकारो में पदस्थापित (लाइन हाजिर) कर दिया. एसपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पुलिस विभाग में अनुशासन और आम जनता के प्रति सम्मान सर्वोपरि है और किसी भी अधिकारी की अमर्यादित टिप्पणी या व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
पुलिस की विश्वसनीयता पर गहराता संकट
यह पहला मौका नहीं है जब बोकारो पुलिस की कार्यशैली विवादों में आई हो. इससे पहले भी व्यवहार और अनुशासन को लेकर शिकायतें मिलती रही हैं. जानकारों का मानना है कि इस तरह की घटनाओं से पुलिस और आम जनता के बीच की दूरी बढ़ती है और विभाग की विश्वसनीयता पर गहरा असर पड़ता है. एसपी की इस त्वरित कार्रवाई को पुलिस बल के भीतर एक कड़े सबक के रूप में देखा जा रहा है ताकि भविष्य में कोई अधिकारी वर्दी की मर्यादा न लांघे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




