Bokaro News : नववर्ष 2026 का हुआ शानदार आगाज : मंदिरों में लगी कतार, पिकनिक स्पॉट रहें गुलजार

Updated:
विज्ञापन
Bokaro News : नववर्ष 2026 का हुआ शानदार आगाज : मंदिरों में लगी कतार, पिकनिक स्पॉट रहें गुलजार

Bokaro News : लोगों ने पूजा-अर्चना के बाद पार्क का किया रुख, होटल व रेस्टोरेंट में रही भीड़, जमकर की आतिशबाजी, एक-दूसरे को दी बधाई, सभी ने अपने-अपने स्तर पर खास अंदाज में की थी तैयारियां.

विज्ञापन

बोकाराे, इस्पात नगरी बोकारो ने गुरुवार को नववर्ष 2026 का शानदार आगाज किया. लोगों ने जमकर आतिशबाजी की. एक-दूसरे को हैप्पी न्यू ईयर की बधाई दी. लोगों ने पहले मंदिर में पूजा-अर्चना की, फिर पिकनिक स्पॉट पर जश्न मनाया. इससे पहले बुधवार की रात घड़ी में 12 बजते ही नये वर्ष की शुरुआत होने पर बधाई देने का सिलसिला जो शुरू हुआ, वह गुरुवार की देर रात तक जारी रहा. नववर्ष की अगवानी करने के लिए सभी ने अपने-अपने स्तर पर खास अंदाज में तैयारियां की थी. युवाओं में इसे लेकर कुछ ज्यादा ही उत्साह था. उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर सामूहिक रूप से नये साल का स्वागत किया. बोकारो-चास सहित पेटरवार, जैनामोड़, कसमार, चंदनकियारी, पिंड्राजोरा व तलगड़िया में नये साल का जश्न धूमधाम से मनाया गया.

मौसम रहा मेहरबान

गुरुवार की सुबह मौसम भी नये साल पर मेहरबान दिखा. सुबह आठ बजते ही निकली धूप ने लोगों के खुशी को दोगुना कर दिया. शहर के अधिकांश मंदिरों में सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें दिखी. शहर के श्रीराम मंदिर-सेक्टर वन, जगन्नाथ मंदिर-सेक्टर चार, गायत्री मंदिर-सेक्टर नौ में लोगों ने पूजा-अर्चना कर नये साल में खुशहाली के साथ-साथ मंगलकामना की. मंदिरों में पूजा अर्चना के लिए विशेष व्यवस्था की गयी थी.

खाली-खाली दिखे बाजार व सड़क

मंदिरों में पूजा-अर्चना के बाद लोगों ने पार्क का रुख किया. शहर के होटल व रेस्टोरेंट भी लोगों से गुलजार दिखे. नये साल के जश्न में सबसे ज्यादा भीड़ विभिन्न पार्कों में दिखी, जहां लोगों अपने परिवार के साथ-साथ दोस्तों के साथ नये साल को सेलिब्रेट किया. जहां पूरा शहर नये साल के जश्न में डूबा रहा, वहीं सड़कों व बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ कम रही. बाजार व सड़क खाली-खाली सा दिखा.

नये संकल्प के साथ की नये साल की शुरुआत

कुछ लोगों ने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाया, तो कुछ लोगों ने परिवार के साथ समय बिताया, तो कुछ ने परिवार, रिश्तेदारों और परिचितों के साथ सुकुन के पल नदी के तटों पर गुजारा. युवाओं ने विशेष तैयारी की थी. 31 दिसंबर को जहां देर रात तक युवाओं ने दोस्तों के साथ पार्टी की. फिल्मी गानों पर ठुमके लगाये. वहीं, नये साल की शुरुआत नये संकल्प के साथ की. मंदिरों में पहुंच आस्था के साथ पूजा-अर्चना की टेका.

सुरक्षा के थे पुख्ता इंतजाम

वहीं जिले के सभी पिकनिक स्पॉट पर भारी भीड़ के मद्देनजर चुस्त दुरुस्त पुलिस व्यवस्था की गयी थी. एसपी हरविंदर सिंह के आदेश से 50 पुलिस अधिकारी व 200 पुलिस जवान के साथ न्यायिक दंडाधिकारी की देखरेख में लगातार गश्ती किया गया. सिटी डीएसपी आलोक रंजन भी सर्कल के तमाम थानेदारों से संपर्क में रहकर औचक निरीक्षण में लगे रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Anand Kumar Upadhyay

लेखक के बारे में

By Anand Kumar Upadhyay

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola