Bokaro News : मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार को ही कानून बना दिया : मनोज भक्त

Published by : ANAND KUMAR UPADHYAY Updated At : 15 Sep 2025 10:49 PM

विज्ञापन

Bokaro News : कसमार में माले का दो दिवसीय बोकारो जिला सम्मेलन शुरू, कॉरपोरेट लूट और संविधान पर हमले के खिलाफ संघर्ष का संकल्प.

विज्ञापन

कसमार, कसमार प्रखंड के मेजर नागेंद्र सभागार में भाकपा (माले) का दो दिवसीय बोकारो जिला स्तरीय नौवां सम्मेलन सोमवार से शुरू हुआ. शुरुआत झंडोतोलन और शहीदों को मौन श्रद्धांजलि के साथ हुई. श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शहीद वाम योद्धाओं, झारखंड आंदोलन के प्रणेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन और विस्थापित नेता प्रेम कुमार महतो के योगदान को याद किया गया. सम्मेलन की अध्यक्षता पांच सदस्यीय अध्यक्ष मंडल ने की, जिसमें दिलीप तिवारी, पंचानन मंडल, जेएन सिंह, बालेश्वर गोप और शोभा देवी शामिल थे. इस दौरान संविधान व लोकतंत्र पर हो रहे हमलों के खिलाफ संघर्ष को तेज करने का संकल्प लिया गया.

राज्य सचिव मनोज भक्त ने कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार पूरी तरह से कॉरपोरेट फासीवाद की ताकत और पूंजी पर टिकी है. जनता के मूल सवालों पर कोई ध्यान नहीं है, बल्कि धार्मिक भेदभाव और फर्जी मुद्दों के सहारे लोगों का ध्यान भटकाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई के नाम पर सत्ता पाई थी, लेकिन अब वही सरकार भ्रष्टाचार को कानून बना रही है. इलेक्ट्रॉल बॉन्ड इसका ताजा उदाहरण है. उन्होंने झारखंड सरकार को भी चेतावनी दी कि अगर किसानों की जमीन छीनी गयी, आदिवासियों की मुठभेड़ में हत्याएं हुईं या आउटसोर्सिंग कंपनियों के जरिए रोजगार की जगह मौत बांटी गयी, तो माले चुप नहीं बैठेगी.

पोलित ब्यूरो सदस्य हलधर महतो ने प्रधानमंत्री की स्वदेशी जागरण की बात पर कटाक्ष किया और कहा कि सबसे ज्यादा विदेश यात्रा करने वाले और एफडीआइ को बढ़ावा देने वाले प्रधानमंत्री जब स्वदेशी की बात करते हैं, तो यह गुड़ खाकर गुलगुले से परहेज करने जैसा है.

जिला रिपोर्ट और आंदोलन की रणनीति

सम्मेलन में जिला सचिव देवद्वीप सिंह दिवाकर ने विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत किया. उन्होंने बोकारो जिला के आंदोलनों, विस्थापन, किसानों की समस्याओं और मजदूरों की स्थिति का उल्लेख करते हुए आगे की रणनीति रखी. स्वागत भाषण शकुर अंसारी ने दिया. खुले सत्र में भुवनेश्वर केवट, सुरेंद्र यादव, मोइन अंसारी, अंगेश कुमार सिंह, शाहिद अंसारी, जगलाल सोरेन, लाल मोहन रजवार, गंगाधर महतो, जब्बार अंसारी, इंद्रदेव सिंह, बिमला सिंह समेत कई नेताओं ने अपने विचार रखे. सम्मेलन के अंतिम दिन मंगलवार को पार्टी के विस्तार, जनमुद्दों पर आंदोलन की रणनीति पर चर्चा होगी तथा जिला कमेटी का पुनर्गठन भी किया जाएगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ANAND KUMAR UPADHYAY

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola