ePaper

Bokaro News : सुरक्षा के तीन प्रमुख कारकों को कोर वैल्यूज में करें शामिल : ललित गभाने

Updated at : 06 Aug 2025 9:55 PM (IST)
विज्ञापन
Bokaro News : सुरक्षा के तीन प्रमुख कारकों को कोर वैल्यूज में करें शामिल : ललित गभाने

Bokaro News : बीएसएल में ‘टुवर्ड्स जीरो हार्म के’ लक्ष्य प्राप्ति की थीम पर ‘अरिष्ट’ नामक राष्ट्रीय सम्मेलन की शुरुआत.

विज्ञापन

बोकारो, बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के ज्ञानार्जन एवं विकास केंद्र में सुरक्षा अभियंत्रण विभाग के तत्वावधान में ‘टुवर्ड्स जीरो हार्म के’ लक्ष्य प्राप्ति की थीम पर दो दिवसीय ‘अरिष्ट’ नामक राष्ट्रीय सम्मेलन की शुरुआत बुधवार से हुई. सम्मलेन के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के महानिदेशक ललित गभाने, बीएसएल के निदेशक प्रभारी बीरेंद्र कुमार तिवारी के साथ विशिष्ट अतिथि अधिशासी निदेशक (सेल सेफ्टी आर्गेनाइजेशन) अनूप कुमार उपस्थित रहे. महानिदेशक श्री गभाने ने कहा कि सुरक्षा के तीन प्रमुख कारकों संगठन संस्कृति, मानवीय कारक व कार्यस्थल की स्थिति को अपने संगठन के कोर वैल्यूज में शामिल कर सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना और दूसरों को भी शिक्षित व जागरूक करना आवश्यक है. उद्घाटन सत्र में सम्मलेन की स्मारिका का लोकार्पण भी किया गया.

सुरक्षा सांस्कृतिक परिवर्तन की दिशा में भी आगे बढ़ना आवश्यक : बीके तिवारी

निदेशक प्रभारी श्री तिवारी ने कहा कि हमें इस्पात उद्योग से जुड़े सुरक्षा पहलुओं में एक दूसरे के साथ ज्ञान और अनुभव को साझा करते हुए शून्य दुर्घटना के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए लगातार इसे अपने व्यवहार में शामिल करना है. टुवर्ड्स जीरो हार्म के लक्ष्य प्राप्ति के लिए अन्य प्रयासों के साथ-साथ हमें अपने संगठन में सुरक्षा सांस्कृतिक परिवर्तन की दिशा में भी आगे बढ़ना आवश्यक है. बोकारो स्टील सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इसके लिये कई तरह के पहल कर रहा है, जिसका सकारात्मक परिणाम मिला है. श्री तिवारी ने उपस्थित विभिन्न स्टील प्लांट के सभी अधिकारी को सुरक्षा शपथ दिलायी.

सुरक्षा संस्कृति के व्यावहारिक पहलू पर तीव्रता के साथ प्रयास की जरूरत : अनूप

अधिशासी निदेशक अनूप कुमार ने कहा कि थीम ‘अरिष्ट’ के लिए सुरक्षा संस्कृति के व्यावहारिक पहलू पर तीव्रता के साथ प्रयास करने की जरूरत है. अधिशासी निदेशक (परियोजनाएं व अतिरिक्त प्रभार संकार्य) अनीष सेनगुप्ता ने कहा कि बीएसएल द्वारा ऑर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, थर्मल इमेजिंग, डिजिटल सिमुलेशन, रोबोटिक संचालन व ठेकेदार सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली जैसे पहल किये जा रहे हैं.

वर्चुअल रियलिटी आधारित सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के बारे में बताया

मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) बीके सरतापे ने बीएसएल के वर्चुअल रियलिटी आधारित सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम, सुरक्षा नियमों का अनुपालन, शून्य हानि जैसे प्रयासों और प्रतिबद्धता के बारे में बताया. सम्मेलन में टुवर्ड्स जीरो हार्म पर विशेष चर्चा होगी. संचालन प्रबंधक (सामग्री प्रबंधन) तनुप्रिया व धन्यवाद ज्ञापन महाप्रबंधक (सुरक्षा) विकास गुप्ता ने दिया.

भारत में उन्नत अग्नि सुरक्षा के लिए वीआर-एआर आधारित प्रशिक्षण और खतरों का अनुकरण

सम्मेलन के पहले दिन तकनीकी सत्रों के प्रथम सेशन में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, गांधीनगर के सेंटर ऑफ सेफ्टी एक्सीलेंस के प्रमुख जगदीश वीके ने भारत में उन्नत अग्नि सुरक्षा के लिए वीआर-एआर आधारित प्रशिक्षण और खतरों का अनुकरण विषय पर व रीजनल लेबर इंस्टिट्यूट, कोलकाता के निदेशक रवींद्र पी भावे द्वारा प्रौद्योगिकी और स्मार्ट पीपीइ के बारे चर्चा की गयी. दूसरे सेशन के दौरान सीमेंस लिमिटेड, टाटा स्टील, एमएन दस्तूर, डीप नेट एनालिटिक्स व राउरकेला द्वारा सुरक्षा विषयों पर प्रस्तुतीकरण किया गया.

सेल के विभिन्न संयंत्रों के साथ टाटा स्टील, जेएसडब्लू स्टील लिमिटेड भी शामिल

सम्मलेन में सेल के विभिन्न संयंत्रों के साथ टाटा स्टील, जेएसडब्लू स्टील लिमिटेड, सीमेंस एनर्जी इंडिया, एबीबी, डीप नेट एनालिटिक्स, एमएन दस्तूर, वेसुवियस इंडिया लिमिटेड, कोर इएचएस सहित अन्य प्रतिष्ठित संस्थाओं के प्रतिनिधि व विशेषज्ञ शामिल हो रहे हैं. मौके पर बीएसएल के अधिशासी निदेशक (वित्त एवं लेखा) सुरेश रंगानी, अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) राजश्री बनर्जी सहित अन्य मुख्य महाप्रबंधक व वरीय अधिकारी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ANAND KUMAR UPADHYAY

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

ANAND KUMAR UPADHYAY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola