Bokaro news : अग्निशमन विभाग कर्मचारी अलर्ट, लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील

Bokaro news : धनतेरस, दिवाली व छठ को लेकर अग्निशमन विभाग चला रहा जागरूकता अभियान, आग पर काबू पाने के लिए तैयार है टीम.
बोकारो, दिवाली पर जब शहर का हर घर दीपों से सजता है, तब कुछ लोग अपने घरों से दूर रहकर पूरे शहर की सुरक्षा में जुटे रहते हैं. ये हैं फायर ब्रिगेड के जवान. चास-बोकारो की अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने धनतेरस, दिवाली व छठ को लेकर कमर कस ली है, ताकि किसी भी आकस्मिक घटना पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके. अग्निशमन विभाग बोकारो पटाखा दुकान सहित अन्य स्थानों में जागरूकता अभियान चला रहा है. अग्निशमन विभाग बोकारो के प्रभारी भगवान ओझा ने बताया कि इस दौरान कई लोगों के पटाखों से झुलसने का मामला आता है. इसको देखते हुए छोटे-बड़े दमकल वाहन विभाग के पास मौजूद हैं, जिससे वह आग की घटनाओं पर समय रहते काबू पा सके. उन्होंने सभी से सावधानियां बरतने की अपील की है.
छुट्टियां रद्द, 24 घंटे की तैनाती
श्री ओझा ने बताया कि सभी फायरमैन की छुट्टियां पूरी तरह रद्द कर दी हैं. फायर टीम को तीन शिफ्टों में 24 घंटे लगातार तैनात किया गया है, ताकि शहर के किसी भी हिस्से में घटना होने पर तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके. नागरिकों की सुरक्षा के लिए फायरमैन हर समय चौकस रहेंगे. उन्होंने बताया कि किसी भी कॉल पर तुरंत फायर स्टेशन से दमकल मौके के लिए रवाना हो जाती है. चास-बोकारो के अग्निशमन केंद्रों में 24 घंटे जवान अलर्ट मोड में है.
पटाखा दुकानदारों के लिए निर्देश
पटाखा बिक्री स्थल पर अन्य सामग्री के बेचने पर प्रतिबंध रहेगा. धूम्रपान निषेध का बोर्ड लगाना होगा. मोमबत्ती, पेट्रोमेक्स या केरोसिन लैंप के इस्तेमाल पर प्रतिबंध रहेगा. अलग-अलग प्रकार की आतिशबाजी के सामान के केवल दो-दो डिब्बे ही खुले रखने होंगे. ज्वलनशील दुकानों से 50 मीटर दूरी रखनी होगी. पर्याप्त मात्रा में पानी, रेत और अग्निशामक यंत्र रखना होगा. लाइसेंसधारी केवल निर्धारित अवधि में ही खरीद और बेच सकेंगे. विद्युत वायरिंग आइएसआइ/आइएसओ प्रमाणित होना चाहिए.
जनता के लिए सुरक्षा उपाय
विद्युत सजावट में घटिया तार या ओवरलोडिंग से बचें. खुले स्थानों पर ही पटाखे फोड़े, बच्चों को अकेले न छोड़ें. पटाखों का सीमित उपयोग करें. दीयों/मोमबत्तियों को ज्वलनशील वस्तुओं से दूर रखें. गैस चूल्हा, सिलिंडर और बिजली के स्विच बंद करके ही बाहर जाएं. आग लगने पर तत्काल 112 पर सूचना दें. भवनों और बाजारों में अग्निशामक यंत्र रखें. बुजुर्ग, बच्चे, पालतू पशु को धुएं और शोर से सुरक्षित रखें.
दिवाली पर क्या करें
केवल अच्छी गुणवत्ता के विद्युत तारों और उपकरणों का इस्तेमाल करें. पटाखे खुले स्थानों पर चलाएं और बच्चों पर निगरानी रखें. घर, दुकान और कार्यस्थल पर अग्निशामक यंत्र रखें. पटाखों और दीयों को ज्वलनशील वस्तुओं से दूर रखें. फायर टेंडर के लिए रास्ता खुला रखें. पड़ोसियों और बच्चों को सुरक्षा के बारे में जागरूक करें.क्या न करें
घटिया तारों या ओवरलोडिंग से सजावट न करें. बंद कमरों या भीड़ वाले स्थानों पर पटाखे न छोड़ें. दीयों या मोमबत्तियों को पर्दों, कपड़े या कागज के पास न रखें. पटाखा दुकानों पर धूम्रपान या खुली बत्ती के लैंप का प्रयोग न करें. बच्चों को पटाखे न दें. फायर टेंडर के रूट पर कोई बाधा न डालें. बिना लाइसेंस के आतिशबाजी सामानों की खरीद और बिक्री ना करें.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




