ePaper

Bokaro News: बांस के सहारे हो रही बिजली आपूर्ति, टूट कर गिरते हैं तार

Updated at : 04 Feb 2026 11:17 PM (IST)
विज्ञापन
Bokaro News: बांस के सहारे हो रही बिजली आपूर्ति, टूट कर गिरते हैं तार

Bokaro News: चास नगर निगम के वार्ड 19 का हाल : जाम नाली, पेयजल, जलजमाव की समस्या भी है व्याप्त, परेशान हैं लोग.

विज्ञापन

चास, चास नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 19 में बिजली आपूर्ति, सफाई व्यवस्था, बारिश के दिनों में जलजमाव, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य समस्या बनी हुई है. वार्ड की आबादी लगभग 15 हजार है. जबकि मतदाताओं की संख्या करीब 4500 है. 2020 में नगर निगम बोर्ड भंग हो गया था. इसके बाद छह साल से निगम प्रशासक की देखरेख में काम हो रहा है. लेकिन आजतक इस वार्ड क्षेत्र की समस्याओं का समाधान पूरी तरह नहीं हुआ है. मुख्य सड़क सहित गलियों में गंदगी का अंबार लगा रहता है और नाली जाम रहने के कारण बारिश के दिनों में जलजमाव हो जाता है.

वार्ड 19 के बंशीडीह स्थित सरस्वती प्रेस गली में आज भी बांस के सहारे बिजली आपूर्ति हो रही है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय निवासी अनिल साव, कैलाश साव, महेंद्र कुमार, गुलाब चंद्र, संजय साव, विकास कुमार, मनदीप कुमार सहित अन्य ने कहा कि देश तरक्की कर रहा है, लेकिन हमलोग की कॉलोनी में अभी तक बिजली का पोल नहीं लगा. बांस के सहारे बिजली की आपूर्ति की जा रही है. साथ ही जो भी पुराने लोहे के पोल हैं, सभी जर्जर हो चुके हैं. आये दिन बिजली के तार टूट कर गिर जाता है, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है. पूरी कॉलोनी में कहीं भी कवर्ड बिजली का तार नहीं लगाया गया है. लोगों ने कहा कि कई बार बिजली विभाग में नये तार और पोल लगाने को लेकर आवेदन दिया गया है, लेकिन विभाग की ओर से सिर्फ आश्वासन ही मिलता है. जब भी कोई बिजली आपूर्ति से संबंधित समस्या होती है कॉलोनी वासी निजी खर्च से ठीक करते हैं.

खुली नाली से हादसे की आशंका

लोगों ने कहा कि वार्ड क्षेत्र में नालियों का निर्माण, तो किया गया है. लेकिन नाली को खुला छोड़ दिया गया है. ढक्कन नहीं रहने से दुर्घटना का डर बना रहता है. बारिश के दिनों में नाली डूब जाती है, जिससे आवागमन में बहुत परेशानी होती है. अक्सर बच्चे नाली में गिर जाते हैं.

पाइपलाइन बिछाने के लिए खोद दी गयी सड़क

जलापूर्ति का पाइपलाइन, तो बिछाया गया है, लेकिन सप्लाई पानी नहीं मिलता है. पाइपलाइन विस्तार के दौरान सड़क को खोद कर छोड़ दिया गया. सही तरीके से मरम्मत नहीं की गयी, जिस कारण सड़क ज्यादा खराब हो गयी है. सड़क पर दर्जनों जगह छोटे-बड़े गड्ढे हो गये हैं. जिससे लोगों को आवागमन करने में परेशानी होती है. वार्ड क्षेत्र के लोगों ने कहा कि बारिश के दिनों में अशोक वाटिका पथ डूब जाता है. इस दौरान लोगों को बहुत दिक्कत होती है.

सिंगारी जोरिया में गंदगी का अंबार

सिंगारी जोरिया में गंदगी का अंबार लगा हुआ है. कुछ वर्ष पहले निगम की ओर से जोरिया की सफाई की गयी थी, लेकिन सफाई सही तरीके से नहीं होने के कारण आज जोरिया की स्थिति बहुत ही खराब है. गंदगी के कारण क्षेत्र में लगातार मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है. जिससे बच्चे और बुजुर्ग बीमार हो रहे है. निगम की ओर से नियमित कीटनाशक दवा का छिड़काव भी नहीं होता है ना ही नियमित रूप से फॉगिंग होता है. नियमित फॉगिंग कराने की मांग को लेकर विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों से आंदोलन भी किया, लेकिन निगम प्रशासन से सिर्फ लोगों का आश्वासन ही प्राप्त हुआ है.

पूर्व वार्ड पार्षद का दावा

वार्ड 19 के पूर्व वार्ड पार्षद नरेश प्रसाद ने कहा कि अपने कार्यकाल में वार्ड क्षेत्र में कई विकास कार्य किये हैं. दर्जनों सड़क और नाली का निर्माण हुआ है. निगम में पिछले छह साल से प्रशासक राज्य चल रहा है. सही तरीके से कार्य नहीं होने से क्षेत्र की जनता परेशान है. वर्तमान में सफाई व्यवस्था बहुत ही खराब हो गयी है. सभी लोगों को जलापूर्ति का पानी नहीं मिल पाया है. चुनाव के बाद नये जनप्रतिनिधि चुन कर आयेंगे और जैसे ही बोर्ड का गठन होगा, लोगों की समस्या दूर होगी.

विज्ञापन
ANAND KUMAR UPADHYAY

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

ANAND KUMAR UPADHYAY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola