Bokaro News : निष्पक्ष व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करायें निर्वाचन की प्रक्रिया : डीसी

Updated at : 09 Jan 2026 10:45 PM (IST)
विज्ञापन
Bokaro News : निष्पक्ष व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करायें निर्वाचन की प्रक्रिया : डीसी

Bokaro News : चास नगर निगम व फुसरो नगर परिषद निर्वाचन की तैयारियों को ले बैठक, निर्वाचन से संबंधित पत्र एसडीओ के जरिये ही निर्वाचन कोषांग को हो प्राप्त.

विज्ञापन

बोकारो, चास नगर निगम व फुसरो नगर परिषद निर्वाचन की तैयारियों को लेकर समाहरणालय कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने बैठक की. गठित विभिन्न निर्वाचन कोषांगों के वरीय पदाधिकारी की उपस्थिति में निर्वाचन से संबंधित सभी प्रशासनिक, तकनीकी व सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा हुई.

डीसी श्री झा ने संबंधित कोषांग के नोडल पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने का निर्देश दिया. कहा कि निर्वाचन से संबंधित सभी पत्राचार संबंधित एसडीओ के जरिये ही निर्वाचन कोषांग को प्राप्त हो. साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि सभी पत्रों की प्रति पुलिस अधीक्षक व एसडीपीओ चास-बेरमो को अनिवार्य रूप से भेजी जाये, ताकि कानून-व्यवस्था व सुरक्षा से जुड़े मामलों में बेहतर समन्वय हो सके.

मतदान केंद्र, मतदाता सूची व आरक्षण पर चर्चा

मतदान केंद्रों की स्थापना, उनकी अनुमोदित सूची व सामान्य, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान पर चर्चा की गयी. इसके अलावा मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन, आयोग को मतदाता सूची की सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराने और मतदाता सूची की छपाई कार्य को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया.

मतपेटी, मतपत्र व चुनाव सामग्री की तैयारी

मतपेटियों की आवश्यकता, उपलब्धता, मरम्मत व तैयारी को लेकर संबंधित कोषांगों से जानकारी ली गयी. जिला पंचायती राज पदाधिकारी सह जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी शफीक आलम ने बताया कि मतपत्रों की छपाई के लिए रांची स्थित सेतु प्रिंटर्स को चिन्हित किया गया है. साथ ही जिला स्तर पर चुनाव सामग्री की व्यवस्था व उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

मतदान कर्मी, सुरक्षा बल व वाहन व्यवस्था

मतदान कर्मियों के लिए जिला स्तर पर कर्मियों का डेटा बेस निर्माण, उनकी उपलब्धता व प्रशिक्षण कार्यक्रम पर चर्चा की गयी. इसके अलावा मतदान के लिए आवश्यक सुरक्षा बल की मांग व उपलब्धता, जिला स्तर पर वाहनों की आवश्यकता व वज्रगृह व मतगणना कक्ष के चयन से संबंधित प्रस्तावों की समीक्षा हुई.

चुनाव व्यय, आचार संहिता और निगरानी व्यवस्था

बैठक में चुनाव व्यय के आकलन, मांग एवं प्राप्ति, चुनाव व्यय से संबंधित मामलों के निपटान व आदर्श आचार संहिता के प्रभावी प्रवर्तन व व्यय निगरानी व्यवस्था पर जोर दिया गया. संवेदनशील क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए सघन निगरानी का निर्देश दिया गया. शफीक आलम ने नगरपालिका निर्वाचन की तैयारियों की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया.

ये थे माैजूद

मौके पर पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार,अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, एसडीओ चास प्रांजल ढ़ांडा, क्षेत्रीय उप निदेशक मनोज कुमार, कार्मिक कोषांग के नोडल पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा, सामग्री कोषांग के ऋतुराज प्रसाद, परिवहन कोषांग की मारूति मिंज, प्रशिक्षण कोषांग के जगरनाथ लोहरा, अतुल कुमार चौबे, मीडिया कोषांग के रवि कुमार, अविनाश कुमार सिंह, सूचना तकनीकी कोषांग के धनंजय कुमार व अन्य मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ANAND KUMAR UPADHYAY

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

ANAND KUMAR UPADHYAY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola