Bokaro News : पिंड्राजोरा थाना के सभी अफसर और सिपाही निलंबित

Published by : JANAK SINGH CHOUDHARY Updated At : 12 Apr 2026 11:24 PM

विज्ञापन

Bokaro News : पिंड्राजोरा थाना के सभी 28 पुलिस अधिकारियों और सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है.

विज्ञापन

पुष्पा महतो हत्याकांड में पिंड्राजोरा थाना में पदस्थापित सभी 28 पुलिस अधिकारियों और सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है. इनमें 10 सब इंस्पेक्टर, पांच असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर, दो हवलदार और 11 सिपाही शामिल हैं. इन पर पिंड्राजोरा के खूंटाडीह की लापता 18 वर्षीया पुष्पा महतो की हत्या के मामले में अपराधियों को बचाने, जांच में लापरवाही बरतने और भ्रष्टाचार में लिप्त होने के गंभीर आरोप हैं. यह कार्रवाई बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने शनिवार की देर रात एसआइटी की जांच रिपोर्ट मिलने पर की.

रिपोर्ट के आधार पर थाना में पदस्थापित सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को निलंबित करने का आदेश तत्काल प्रभाव से जारी कर दिया गया. इधर, जांच रविवार को भी जारी रही. एसपी ने कहा कि सभी आरोपियों की विभागीय जांच करायी जायेगी. बताते चलें कि झारखंड पुलिस के इतिहास में पहली बार किसी थाना के सभी पुलिस अधिकारियों और सिपाहियों को निलंबित किया गया है. बताते चलें कि हाइकोर्ट के सख्त रुख को देखते हुए डीजीपी तदाशा मिश्रा ने जांच में लापरवाही बरतने के कारण नौ अप्रैल को ही तत्काल प्रभाव से पिंड्राजोरा थाना प्रभारी अभिषेक रंजन व मुंशी अक्षय कुमार को सस्पेंड कर दिया था. बाद में एसपी ने पूरे थाने को निलंबित कर दिया. निलंबित अधिकारियों व कर्मियों में पुअनि विवेक कुमार पांडेय, श्यामलाल यादव, रमेश कुमार, अनिल कुमार यादव, अनिकेत कुमार, धीरज उरांव, धर्मेंद्र कुमार, बुधराम भगत, चंदन, सअनि अनिल कुमार, कयामुद्दीन अंसारी, मदन कुमार मेहता, श्रीकांत दर्वे, अजमत हुसैन, आरक्षी (मुंशी) अक्षय कुमार, राजेश सिंह, आरक्षी (सीसीटीएनएस) कुंदन कुमार, सचित रजवार, आरक्षी गोपाल सिंह, अखिलेश सिंह, पंकज कुमार सिंह, सुरेंद्र कुमार सिंह, धनंजय कुमार सिंह, नंदलाल दास, विमल कुमार महतो, विभीषण कुमार महतो और दीपाली कुमारी शामिल हैं.

जानें पुष्पा महतो हत्याकांड के बारे में :

पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के खूंटाडीह निवासी रेखा देवी के अनुसार, उनकी 18 वर्षीया पुत्री कुमारी पुष्पा महतो 21 जुलाई 2025 को पूर्वाह्न 11 बजे कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन फिर नहीं लौटी. अनहोनी की आशंका को लेकर रेखा देवी ने पिंड्राजोरा थानेदार अभिषेक रंजन को घटना की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पड़ोसी दिनेश कुमार महतो से उनकी पुत्री पुष्पा पिछले दो-तीन वर्षों से मोबाइल पर बात करती थी. बेटी का कोई सुराग नहीं मिलने पर पुष्पा के माता-पिता ने हाइकोर्ट में गुहार लगायी. हाइकोर्ट के संज्ञान लेने के बाद पुलिस सक्रिय हुई. शनिवार को पुलिस ने मधुटांड़ जंगल से एक कंकाल बरामद किया. यह कंकाल लापता पुष्पा के दोस्त दिनेश की निशानदेही पर बरामद किया गया.

पुलिस एसोसिएशन ने किया विरोध

इधर, पुलिस एसोसिएशन ने 28 पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के निलंबन का विरोध किया है. एसोसिएशन के संयुक्त सचिव राकेश कुमार पांडेय ने कहा कि यह निलंबन जिले पर नियंत्रण रखनेवाले पदाधिकारियों की विफलता है. उन्होंने कहा कि संबंधित कांड के दोषी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों पर कठोर कार्रवाई हो, लेकिन निर्दोष पुलिसकर्मियों का निलंबन दुर्भाग्यपूर्ण है.

इधर, कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में चंद्रपुरा थानेदार सस्पेंड

एसपी हरविंदर सिंह ने शनिवार की देर रात चंद्रपुरा थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह को सस्पेंड कर दिया. उनकी जगह विक्रम कुमार को भेजा गया है. एसपी ने बताया कि अजय सिंह को कर्तव्य में लापरवाही के कारण सस्पेंड किया गया है. थाना निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड्स अपडेट नहीं पाये गये. 10 दिन पूर्व सुधार की चेतावनी दी गयी थी. इधर, प्रफुल्ल महतो को गोमिया और श्यामल मंडल को आइएल थाना प्रभारी बनाया गया है.

विज्ञापन
JANAK SINGH CHOUDHARY

लेखक के बारे में

By JANAK SINGH CHOUDHARY

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola