खुलकर सामने आ रहा है भाजपा में गतिरोध
Updated at : 16 Sep 2018 8:24 AM (IST)
विज्ञापन

बोकारो : बोकारो विधायक की भाजपा, धनबाद सांसद की भाजपा, बाघमारा विधायक की भाजपा, बेरमो विधायक की भाजपा, गिरिडीह सांसद की भाजपा, मंत्री अमर कुमार बाउरी की भाजपा… इसके बाद कुछ बचा तो भारतीय जनता पार्टी की भाजपा. बोकारो जिला में इन दिनों कई भाजपा की राजनीति काम कर रही है. मतलब भारतीय जनता पार्टी […]
विज्ञापन
बोकारो : बोकारो विधायक की भाजपा, धनबाद सांसद की भाजपा, बाघमारा विधायक की भाजपा, बेरमो विधायक की भाजपा, गिरिडीह सांसद की भाजपा, मंत्री अमर कुमार बाउरी की भाजपा… इसके बाद कुछ बचा तो भारतीय जनता पार्टी की भाजपा. बोकारो जिला में इन दिनों कई भाजपा की राजनीति काम कर रही है. मतलब भारतीय जनता पार्टी का कलह खुल कर सामने आ रहा है. कार्यक्रम व बैठक में इस स्थिति को साफ देखा जा सकता है. \
वैसे तो भाजपा बोकारो की आंतरिक लड़ाई कई मौकों पर सामने आयी है, लेकिन पिछले कई माह से कलह खुल कर सामने आ रही है. पिछले दिनों बोकारो में हवाई अड्डा के शिलान्यास कार्यक्रम में पार्टी की किरकिरी प्रदेश स्तर तक हुई. जिला में रहने वाले मंत्री अमर कुमार बाउरी को शिलान्यास कार्यक्रम का न्योता नहीं मिला था. इसकी शिकायत मंत्री ने रांची के वरीय अधिकारियों से की. शिलान्यास कार्यक्रम में जिला के अन्य विधायकों को जगह नहीं मिली, लेकिन बाघमारा विधायक की उपस्थिति सुर्खियां बटोर रही थी.
गिरिडीह लोकसभा में बाघमारा विधायक का शक्ति प्रदर्शन : गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र वर्तमान में भाजपा के लिए राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता का प्रतीक बना हुआ है. वर्तमान सांसद रवींद्र कुमार पांडेय को बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो की तरफ से चुनौती मिल रही है. हाल के दिनों में बाघमारा विधायक सांसद के गृहक्षेत्र में कई सभा कर चुके हैं. दोनों के बीच की वाक कटुता भी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है. सोशल मीडिया में दोनों नेता के समर्थक आपस में भिड़े हुए हैं. वहीं बेरमो विधायक से गिरिडीह सांसद के कटु संबंध भी जनता के सामने है.
जिलाध्यक्ष का बोकारो विधायक से अनबन की कानाफूसी : पिछले साल बोकारो विधानसभा क्षेत्र के लिए कार्यकर्ता प्रशिक्षण का आयोजन किया गया था. इसमें भाजपा बोकारो जिलाध्यक्ष जगरन्नाथ राम अनुपस्थित रहे. वहीं चंदनकियारी में आयोजित पार्टी के बैठक में बोकारो विधायक शामिल नहीं हुए थे. गरगा पुल के निकट सरदार पटेल की मूर्ति अनावरण में भी जिलाध्यक्ष नहीं पहुंचे थे. इसपर भी जितने मुंह, उतनी बातें वाली स्थिति से भाजपा को गुजरना पड़ा. 14 सितंबर को भाजयुमो की जिला कार्यसमिति की बैठक में बोकारो विधायक की गैर मौजूदगी सवाल खड़ा कर रही थी. क्योंकि बोकारो विधायक प्रदेश के एक लोकसभा में भाजयुमो के प्रभारी भी हैं.
इससे पहले भाजयुमो जिलाध्यक्ष व बोकारो विधायक के बीच कई मौकों पर मतभेद देखा गया है. भाजयुमो जिलाध्यक्ष की शिकायत प्रदेश स्तर के नेता से भी हुई.
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अमित सिंह ने भी दोनों के रिश्ते को सुधारने की कोशिश की, लेकिन कुछ हासिल नहीं हुआ. इसके अलावा बोकारो विधायक बिरंची नारायण व मंत्री अमर कुमार बाउरी के बीच गाहे-बगाहे अनबन की खबर चर्चा में रहती है. पार्टी सूत्रों की माने तो जिला में खुद को बड़ा नेता साबित करने के नाम पर खींचतान हो रही है.
नेता एक-दूसरे की शिकायत प्रदेश स्तर पर कर रहे हैं. हर नेता की गतिविधि पर ध्यान रखा जा रहा है. पार्टी के जानकारों की माने तो 2019 लोकसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी के लिए सारा स्वांग रचा जा रहा है. बोकारो विधायक धनबाद लोस व बाघमारा विधायक गिरिडीह लोस से किस्मत आजमाने की कोशिश कर रहे हैं. वहीं वर्तमान सांसद अनुभव इस्तेमाल कर रहे हैं. जानकारों की माने तो मंत्री अमर कुमार बाउरी व बोकारो विधायक के बीच खींचतान का कारण योजना की लामबंदी है. कई योजना बोकारो से निकलकर चंदनकियारी क्षेत्र में चला गया है.
पार्टी में सबकुछ ठीक है : जगरनाथ राम
भाजपा बोकारो जिलाध्यक्ष जगरनाथ राम से जब पार्टी में जारी खींचतान के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया : पार्टी में सबकुछ ठीक है. कहीं कोई गुटबाजी नहीं है. विधायक, सांसद, मंत्री सब मिलकर विकास कार्य कर रहे हैं. पार्टी मिशन 2019 के तहत काम कर रही है. जब जिलाध्यक्ष जगरनाथ राम से हाल के दिनों में पार्टी के अंदर हुई खींचतान के बारे में बताया गया, तो श्री जगरनाथ ने कहा : जरूरी नहीं हर कार्यक्रम शामिल हुआ जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




