ePaper

पटना-गया रेलवे लाइन पर ट्रेनों में मोबाइल चोरी करने वाली 5 महिलाएं गिरफ्तार, करती थी बच्चों का इस्तेमाल

Updated at : 18 May 2023 10:50 PM (IST)
विज्ञापन
पटना-गया रेलवे लाइन पर ट्रेनों में मोबाइल चोरी करने वाली 5 महिलाएं गिरफ्तार, करती थी बच्चों का इस्तेमाल

गिरफ्तार महिला के मोबाइल की जब तलाशी ली गयी तो पता चला कि ये सभी मिल कर अब तक सैकड़ों मोबाइल फोन की चोरी कर चुकी हैं. चोरी का मोबाइल वे कम दाम में बंगाल और गया में बेच देती थीं.

विज्ञापन

पटना-गया रेलखंड पर पैसेंजर ट्रेनों में बच्चों का इस्तेमाल कर मोबाइल चोरी करने वाले पश्चिम बंगाल के महिला गिरोह का पर्दाफाश हुआ है. इस गिरोह की पांच महिलाओं को रेल पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इनके पास से चोरी के 11 मोबाइल बरामद किये गये है. गिरोह में एक नाबालिग भी शामिल है. गिरफ्तार महिलाओं में पश्चिम बंगाल के पुरलिया स्थित काली टोला क्षेत्र की निवासी 19 वर्षीया सोमारी सिंह, 20 वर्षीया मीरा सिंह व 28 वर्षीया सावित्री देवी, 25 वर्षीया राधा सिंह और वर्धमान के बाराबनी थाना क्षेत्र निवासी 45 वर्षीय जमुना देवी है.रेल एसपी अमृतेंदु शेखर ठाकुर ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी.

जहानाबाद से गिरफ्तार हुई पहली महिला 

रेल एसपी ने बताया कि हमने ट्रेनों में मोबाइल चोरी की हो रही घटनाओं को देखते हुए गया रेल डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनायी गयी. जांच के दौरान बुधवार को जहानाबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची पटना-गया मेमो सवारी ट्रेन की तलाशी ली गयी. इसी दौरान एक संदिग्ध महिला बच्चे के साथ दिखी. पुलिसकर्मियों ने जैसे ही उसे रोकना चाहा कि वह भागने लगी, जिसे खदेड़ कर पकड़ लिया. तलाशी के दौरान महिला और नाबालिग के पास से चोरी के एक-एक मोबाइल बरामद हुए. गिरफ्तार महिला की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरलिया स्थित काली टोला थाना क्षेत्र निवासी सोमारी सिंह के रूप में हुई. पूछताछ में महिला ने बताया कि वह अलग-अलग ट्रेनों में बच्चों का इस्तेमाल कर मोबाइल चोरी करती है. इस गिरोह में चार और महिलाएं हैं, जो पश्चिम बंगाल की है.

चाकंद रेलवे स्टेशन चार और महिलाएं पकड़ायीं

गिरफ्तार सोमारी सिंह की निशानदेही पर टीम ने जब चाकंद स्टेशन पर पहुंच कर छानबीन शुरू की, तो स्टेशन पर ही एक साथ चारों महिलाएं पकड़ी गयीं. गिरफ्तार पहली महिला के मोबाइल की जब तलाशी ली गयी, तो पता चला कि ये सभी एक साथ काम करती हैं और अब तक सैकड़ों मोबाइल फोन की चोरी कर चुकी हैं. चोरी का मोबाइल वे कम दाम में बंगाल और गया में बेच देती थीं.

गिरोह ने कहा: बच्चों पर कोई शक भी नहीं करता

रेल एसपी के अनुसार गिरफ्तार महिलाओं ने बताया कि वे वैसे यात्रियों को अपना शिकार बनाती थीं, जो परिवार वाला और या फिर बुजुर्ग हों. इसके बाद उनकी बगल बच्चे को खड़ा कर या बैठा कर ब्लेड से पॉकेट को काट देती थीं. बच्चा होने के कारण कोई शक भी नहीं करता है. मिली जानकारी के अनुसार बच्चा और महिला के पास से धारदार ब्लेड भी मिले हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन