Famous Food: ये हैं बिहार के 7 लजीज व्यंजन, जो उंगलियां चाटने को कर देंगे मजबूर
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 07 Jan 2025 3:35 PM
प्रसिद्ध 7 बिहारी व्यंजन
Famous Foods of Bihar: बिहार अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और मेहमाननवाजी के लिए जाना जाता है. यहां का खानपान भी उतना ही खास है जितना इसका इतिहास. इस स्टोरी में हम 7 ऐसे व्यंजन के बारे में बता रहे हैं जिसको खाने के बाद आप उंगलियां चाटते रह जाएंगे.
Famous Foods of Bihar: बिहार अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और मेहमाननवाजी के लिए जाना जाता है. यहां का खानपान भी उतना ही खास है जितना इसका इतिहास. बिहार के व्यंजनों में न सिर्फ स्वाद का जादू है, बल्कि इनमें इस राज्य की मिट्टी की महक भी महसूस की जाती है. दिलचस्प बात यह है कि यहां के कुछ पारंपरिक व्यंजन विदेशों में भी लोकप्रिय हैं. अगर आप बिहार घूमने आ रहे हैं, तो इन 7 खास व्यंजनों का आनंद लेना न भूलें.
- लिट्टी-चोखा: बिहार की पहचान
बिहार का नाम लेते ही सबसे पहले लिट्टी-चोखा का जिक्र होता है. चने से बनी सत्तू की भराई वाली लिट्टी और बैंगन, टमाटर व मसालों से बने चोखे का अनोखा मेल, हर किसी को दीवाना बना देता है. इसे सरसों के तेल में पकाया जाता है, जो इसे अलग ही स्वाद और सुगंध देता है. आज यह व्यंजन न केवल देशभर में बल्कि विदेशों में भी बिहारी संस्कृति का प्रतीक बन चुका है.
- खाजा: मीठे का अनमोल खजाना
अगर आप मिठाई के शौकीन हैं तो खाजा का स्वाद आपके दिल को छू लेगा. यह परतदार मिठाई मैदा और चीनी की चाशनी से बनाई जाती है. इसकी खासियत यह है कि इसे हल्का, कुरकुरा और शुद्ध घी से तैयार किया जाता है. नालंदा और राजगीर जैसे क्षेत्रों का खाजा सबसे अधिक पसंद किया जाता है.
- सत्तू का पराठा: एनर्जी से भरपूर बिहारी डिश
सत्तू का पराठा बिहार की एक लोकप्रिय और पोषक व्यंजनों में से एक है. इसे सत्तू, मसाले, प्याज और सरसों के तेल की भराई से बनाया जाता है. इसे दही या आचार के साथ परोसा जाता है. सत्तू न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद भी है. यह व्यंजन बिहार के गांवों से लेकर बड़े शहरों तक हर किसी को पसंद आता है.
- बालूशाही: मिठास का जादू
बालूशाही बिहार की एक ऐसी मिठाई है, जिसका नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. यह मिठाई अपनी सादगी और लाजवाब स्वाद के कारण खास है. इसे घी में तला जाता है और चाशनी में डुबोया जाता है. बालूशाही की हर बाइट आपको इसका दीवाना बना देगी.
- चंद्रकला: त्योहारों की शान
त्योहारों के मौके पर बनने वाली यह मिठाई न सिर्फ स्वाद में बेमिसाल है, बल्कि इसकी बनावट भी बेहद आकर्षक है. चंद्रकला मैदे की परतों के अंदर खोया और सूखे मेवों की भराई से बनती है. इसका स्वाद और खुशबू आपको लंबे समय तक याद रहेगी.
- चना घुघनी: स्वाद और सेहत का मेल
चने से बनी घुघनी बिहार के हर घर में बनने वाली एक साधारण लेकिन स्वादिष्ट डिश है. इसे मसालों और हल्के तेल के साथ पकाया जाता है. घुघनी को नाश्ते या हल्के भोजन के तौर पर परोसा जाता है. इसे पराठे या चावल के साथ खाने का मजा और बढ़ जाता है.
- ठेकुआ: बिहार की पारंपरिक मिठाई
छठ पूजा जैसे पर्वों पर बनने वाली ठेकुआ बिहार की सबसे खास मिठाइयों में से एक है. इसे गुड़, आटा और घी से तैयार किया जाता है. ठेकुआ की मिठास और कुरकुरेपन का स्वाद इसे सभी त्योहारों की शान बनाता है.
बिहार के ये पारंपरिक व्यंजन न केवल यहां की संस्कृति का प्रतीक हैं, बल्कि इसके हर निवाले में यहां की मिट्टी का प्यार समेटे हुए हैं. अगली बार जब आप बिहार जाएं, तो इन जायकों को जरूर चखें और इस राज्य की अनोखी स्वाद यात्रा का हिस्सा बनें.
Also Read: बिहार की ये सिंगर राम मंदिर में करेंगी भजन की प्रस्तुति, सीएम योगी आदित्यनाथ भी रहेंगे मौजूद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










