औरंगाबाद में पहले पड़ोसियों के घर के बाहर लगाई कुंडी, फिर चोरों ने उड़ाई लाखों की संपत्ती
Published by : Prashant Tiwari Updated At : 19 Dec 2025 6:57 PM
Photos of crime scene
औरंगाबाद जिले के हरदता गांव निवासी दामोदर दूबे के घर का ताला तोड़कर लाखों रुपए का सामान उड़ा लिये. चोरों ने घटना का अंजाम पूरी तरह से सुनियोजित तरीके से दिया है.
औरंगाबाद, सुजीत कुमार सिंह: जिले में कुहासे एवं ठंड का प्रकोप बढ़ते ही चोरो का आतंक शुरू हो गया है. ठंडी रात में सन्नाटे का फायदा उठाते हुए गुरुवार की रात चोरों ने अंबा थाना क्षेत्र के हरदता गांव निवासी दामोदर दूबे के घर का ताला तोड़कर लाखों रुपए का सामान उड़ा लिये. चोरों ने घटना का अंजाम पूरी तरह से सुनियोजित तरीके से दिया है.
चोरों ने चोरी से पहले दरवाजों पर लगाया कुंडी
जानकारी के अनुसार गांव के दामोदर दूबे एवं उनके परिजन घर के कमरे में सोए हुए थे, जबकि घर के दो कमरे में कोई परिवार का सदस्य नहीं था और उसमें ताला लगा हुआ था. बताया जाता है कि दामोदर दूबे के सभी घरों के दरवाजे बाहर की ओर खुलते हैं. घर के लोग जिस कमरे में सो रहे थे चोरों ने उसमें पहले बाहर से कुंडी लगा दी तथा पड़ोसियों के घर भी बाहर से बंद कर दिया, ताकि कोई व्यक्ति बाहर ना निकल सके. इसके बाद जिस कमरे में कोई नहीं सोया था उस कमरे के दरवाजे में लगे ताले को तोड़कर वहां रखे कीमती सामान गायब कर दी. चोरों ने एक-एक कर घर के सभी कमरों में प्रवेश कर चोरी की घटना का अंजाम दिया. इस क्रम में घर से एक कमरे में रखा बक्सा और दो अटैची लेकर फरार हो गए. यही नहीं, दामोदर दूबे के दूसरे मकान में भी चोरों ने प्रवेश किया, जहां कमरे में रखे गोदरेज और पलंग को तोड़कर उसमें रखा सारा सामान निकाल लिया. गृह स्वामी ने पांच बक्सा, दो अटैची और तीन ट्रॉली चोरी होने की बात बतायी है.
पुलिस को लिखित आवेदन का इंतजार
इधर घटना की सूचना मिलते ही अंबा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष सुमित सुमन ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है. हालांकि अब तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है. आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
15 लाख से अधिक की हुई है चोरी
गृह स्वामी के अनुसार चोरों ने घर में रखें सभी कीमती सामान गायब कर दिया है, जो 15 लाख रुपए से अधिक का था. घटना के दौरान जब गृहस्वामी को आहट महसूस हुई तो कमरे से निकलने का प्रयास किया. इस क्रम में उन्होंने पाया कि घर का दरवाजा बाहर से बंद है. उन्होंने पड़ोस में रहने वाले अपने भतीजे अनिल कुमार दूबे को आवाज लगाई तो उनका कमरा भी बाहर से बंद था. इसके बाद उन्होंने अपने भाई अशोक दूबे को आवाज दी, लेकिन उनके घर का दरवाजा भी बाहर से बंद मिला. इसके बाद घर के लोगों ने फोन कर आसपास के लोगों को सूचना दी. गांव के लोगों ने पहुंच कर बाहर से कुंडी खोली गई, तब जाकर सभी लोग घर से बाहर निकल सके. इस बीच कर अपनी घटना का अंजाम देकर फरार हो गए थे. गृहस्वामी ने बताया कि उनके चार बेटे बाहर रहते हैं और उनका सामान घर में ही रखा हुआ था. चोरी गए सामान में करीब 15 लाख रुपये के आभूषण और अन्य कीमती वस्तुएं शामिल हैं. आभूषण एवं किमती सामान के साथ-साथ नगद रुपए भी चोरों ने गायब किया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prashant Tiwari
प्रशांत तिवारी डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत पंजाब केसरी से करके राजस्थान पत्रिका होते हुए फिलहाल प्रभात खबर डिजिटल के बिहार टीम तक पहुंचे हैं, देश और राज्य की राजनीति में गहरी दिलचस्पी रखते हैं. साथ ही अभी पत्रकारिता की बारीकियों को सीखने में जुटे हुए हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










