दिनदहाड़े युवक को मारी गोली, सीने में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती

Updated:
विज्ञापन
पिपरा थाना क्षेत्र में दिया गया वारदात को अंजाम | Prabhat Khabar Network

पिपरा थाना क्षेत्र में दिया गया वारदात को अंजाम | Prabhat Khabar Network

सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. गोली सीने में लगने के बाद उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

सुपौल : पिपरा थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. गोली युवक के सीने में लगी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. घायल का इलाज सुपौल के एक निजी अस्पताल में चल रहा है.

घायल की पहचान सुपौल के गौरवगढ़ निवासी भूमि यादव के पुत्र कुंदन कुमार यादव (22) के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार कुंदन अपनी मौसी के घर झाझा आया हुआ था. मंगलवार सुबह वह अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान पिपरा रोड स्थित बाबू साहब पेट्रोल पंप से पूर्व पुल के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. एक गोली सीधे उसके सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा.

राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे. लोगों की मदद से घायल कुंदन को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, किशनपुर ले जाया गया. वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल, सुपौल रेफर कर दिया.

सदर अस्पताल में भी चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे हायर सेंटर भेजने की सलाह दी. इसके बाद परिजनों ने उसे सुपौल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है.

पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे

घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है. हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है.

पिपरा थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि युवक को गोली लगने की सूचना मिली है. मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है.

गोलीबारी के कारणों का नहीं चला पता

प्रारंभिक जांच में गोलीबारी के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस परिजनों के बयान, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तकनीकी पहलुओं के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.

यह भी पढ़ें :कोसी का जलस्तर 2.41 लाख क्यूसेक पार, तटबंध के भीतर कई गांवों में घुसा बाढ़ का पानी


विज्ञापन
इंद्रभूषण कुमार

लेखक के बारे में

By इंद्रभूषण कुमार

इंद्रभूषण प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. कटैया निर्मली (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन