मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण जारी, डीएम के निर्देश पर हो रहा है प्रपत्रों का गहन अभ्यास

Updated:
विज्ञापन

निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की प्रक्रिया और प्रतिभागियों की भागीदारी का विस्तार से अवलोकन किया

विज्ञापन

सुपौल. बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के सुचारु एवं निष्पक्ष संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- जिलाधिकारी सावन कुमार के आदेशानुसार पीठासीन पदाधिकारियों एवं सेक्टर पदाधिकारियों का विधानसभावार प्रशिक्षण सुपौल उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुपौल में जारी है. इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का जायजा वरीय पदाधिकारी (प्रशिक्षण कोषांग)-सह-उप विकास आयुक्त, सारा अशरफ ने लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की प्रक्रिया और प्रतिभागियों की भागीदारी का विस्तार से अवलोकन किया. उन्होंने सभी मास्टर प्रशिक्षकों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पीठासीन पदाधिकारी एवं सेक्टर पदाधिकारी को निर्वाचन कार्य में उपयोग होने वाले सभी प्रकार के प्रपत्र भरने का व्यावहारिक अभ्यास कराया जाए, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की त्रुटि या असुविधा न हो. उप विकास आयुक्त ने कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मतदान दिवस पर पीठासीन पदाधिकारियों को किसी प्रकार की तकनीकी या दस्तावेजी कठिनाई का सामना न करना पड़े. प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों द्वारा भरे गए प्रपत्रों की जांच की गई और आवश्यक सुधार संबंधी सुझाव भी दिए गए. प्रशिक्षण कोषांग के नोडल पदाधिकारी गयानंद यादव ने जानकारी दी कि आज की प्रशिक्षण प्रक्रिया दो पाॅलियों में आयोजित की जा रही है. प्रथम पाली में 42 पिपरा विधानसभा क्षेत्र के 403 पीठासीन पदाधिकारियों और 37 सेक्टर पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया. द्वितीय पाली में 43 सुपौल विधानसभा क्षेत्र के 405 पीठासीन पदाधिकारियों और 49 सेक्टर पदाधिकारियों को विभिन्न प्रकार के निर्वाचन प्रपत्र भरने से संबंधित अभ्यास कराया गया. नोडल मास्टर प्रशिक्षक अंजनी कुमार एवं धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण सत्र में सभी कर्मियों को चुनाव से संबंधित महत्वपूर्ण प्रपत्रों जैसे पीठासीन पदाधिकारी का प्रतिवेदन, पीठासीन पदाधिकारी की डायरी, घोषणा प्रपत्र,फॉर्म 17 सी (रिकॉर्ड किए गए मतों का लेखा), विजिट शीट को सही ढंग से भरने का अभ्यास कराया जा रहा है. इसके साथ ही मतदान दिवस पर किए जाने वाले सभी कार्यों की क्रमवार प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें लिफाफों की तैयारी, मतपेटी की सीलिंग, मतदाता सूची के उपयोग, और रिपोर्टिंग प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई. प्रशिक्षण स्थल पर मतदान कर्मियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है, जहां कर्मियों को आवश्यक मार्गदर्शन, दस्तावेज़ संबंधी सहायता और जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
RAJEEV KUMAR JHA

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन