सूर्य घर योजना को मिला बढ़ावा: 3 किलोवाट या अधिक सोलर यूनिट पर अब 98 हजार तक सब्सिडी

Updated:
विज्ञापन

अधिकारियों के साथ बैठक करते डीडीसी. | Prabhat Khabar Network

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब घरों पर सोलर यूनिट लगाने पर सब्सिडी की राशि बढ़ा दी गई है. पात्र लाभुकों को अधिकतम 98 हजार रुपये तक की सब्सिडी मिल सकती है, जबकि अब तक 10 हजार से अधिक लोगों ने आवेदन किया है. यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए भी आसान किस्तों पर ऋण उपलब्ध कराती है.

विज्ञापन

सुपौल जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति को लेकर उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने समीक्षा बैठक की. बैठक में सामने आया कि योजना का लाभ लेने के लिए जिले में अब तक 10 हजार से अधिक लोगों ने आवेदन किया है. लोगों की बढ़ती रुचि को देखते हुए सरकार ने सोलर यूनिट लगाने पर मिलने वाली सब्सिडी की राशि में भी बढ़ोतरी की है. अब पात्र लाभुकों को अधिकतम 98 हजार रुपये तक की सब्सिडी मिल सकेगी.

78 हजार से बढ़कर 98 हजार हुई अधिकतम सब्सिडी

कार्यपालक अभियंता विद्युत आलोक कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार ने योजना के तहत मिलने वाली अधिकतम सहायता राशि में वृद्धि की है. पहले अधिकतम सब्सिडी 78 हजार रुपये थी, जिसे बढ़ाकर अब 98 हजार रुपये कर दिया गया है. इससे घरों पर सोलर यूनिट लगाने वाले लाभुकों को बड़ी आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है.

1 किलोवाट से 3 किलोवाट तक ऐसे मिलेगी मदद

एक किलोवाट क्षमता के सोलर यूनिट पर मिलने वाली सब्सिडी 30 हजार रुपये से बढ़ाकर 40 हजार रुपये कर दी गई है. इसी तरह दो किलोवाट के सोलर यूनिट पर अब 60 हजार के बजाय 80 हजार रुपये की सहायता मिलेगी. वहीं तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सोलर यूनिट पर अधिकतम सब्सिडी 78 हजार रुपये से बढ़ाकर 98 हजार रुपये कर दी गई है.

जिले में 10 हजार से अधिक लोगों ने किया आवेदन

समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि योजना को लेकर आम लोगों में लगातार जागरूकता बढ़ रही है. सुपौल जिले में अब तक 10 हजार से अधिक लोगों ने योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया है. उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक परिवार सरकारी सहायता का लाभ उठा सकें.

सब्सिडी के अलावा आसान किस्तों पर मिल सकता है ऋण

अधिकारियों के अनुसार लोग अपनी जरूरत के हिसाब से छोटे या बड़े सोलर यूनिट लगवा सकते हैं. सोलर यूनिट की लागत में सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी के बाद बची राशि के लिए बैंकों के माध्यम से आसान किस्तों पर ऋण उपलब्ध कराने का भी प्रावधान है. इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए भी योजना का लाभ लेना आसान हो सकता है.

आवेदन के लिए इस वेबसाइट पर मिलेगी जानकारी

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने के इच्छुक लोग योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पात्रता, सब्सिडी, आवेदन प्रक्रिया और अन्य जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. इसके लिए pmsuryaghar.gov.in पर विजिट किया जा सकता है. अधिकारियों ने जिले के लोगों से अपील की है कि वे योजना की जानकारी लेकर इसका अधिक से अधिक लाभ उठाएं.


विज्ञापन
राजीव कुमार झा

लेखक के बारे में

By राजीव कुमार झा

राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन