अतिक्रमण हटने के बाद दुकानदारों को मिलेगी नई जगह, पुराने थाना के पास बनेगा गुदरी बाजार
कार्यस्थल पर निरीक्षण करते ईओ और कर्मी | Prabhat Khabar Network
वीरपुर नगर पंचायत ने अतिक्रमण हटाए गए दुकानदारों के लिए पुराने थाना के सामने वैकल्पिक जगह तैयार करने का काम शुरू कर दिया है। जानें पूरी जानकारी यहाँ।
वीरपुर , सुपौल : अतिक्रमण मुक्त अभियान के तहत वीरपुर गोल चौक के आसपास सरकारी जमीन से हटाये गये दुकानदारों के लिए अब वैकल्पिक व्यवस्था की पहल शुरू कर दी गयी है. वीरपुर नगर पंचायत की ओर से पुराने थाना के सामने खाली पड़ी जमीन को व्यवस्थित कर दुकानदारों को बसाने की तैयारी शुरू कर दी गयी है. बुधवार को जेसीबी की मदद से स्थल की साफ-सफाई और जमीन के समतलीकरण का काम कराया गया. वैकल्पिक व्यवस्था की पहल शुरू होने से विस्थापित दुकानदारों में खुशी है.
जानकारी के अनुसार, गोल चौक के समीप पुराने थाना के सामने खाली जमीन को विकसित कर यहां दुकानदारों को जगह देने की योजना है. फिलहाल जेसीबी से जमीन की सफाई और समतलीकरण कराया जा रहा है. इसके बाद परिसर में पेवर ब्लॉक लगाये जाएंगे. चारों ओर प्रकाश की व्यवस्था भी की जायेगी, ताकि बाजार क्षेत्र को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रूप दिया जा सके.
गुदरी बाजार के रूप में विकसित होगा स्थल
वीरपुर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी देवर्षिरंजन ने स्थल का निरीक्षण कर चल रहे कार्यों का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि गोल चौक के समीप अतिक्रमण हटाने के बाद प्रभावित दुकानदारों के लिए वैकल्पिक जगह की तलाश की जा रही थी. पुराने थाना के सामने उपलब्ध जमीन को इसके लिए उपयोग में लाने का निर्णय लिया गया है.

उन्होंने कहा कि जमीन का समतलीकरण कराने के बाद पेवर ब्लॉक लगाये जाएंगे. परिसर में प्रकाश की व्यवस्था के साथ इसे व्यवस्थित कर गुदरी बाजार के रूप में विकसित किया जायेगा. इसके बाद गोल चौक से हटाये गये दुकानदारों को नियमानुसार यहां जगह उपलब्ध कराने की योजना है.
कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि वीरपुर अस्पताल रोड में अतिक्रमण हटाने के दौरान प्रभावित हुए दुकानदारों को भी आवश्यकता के अनुसार इसी स्थल पर जगह उपलब्ध कराने पर विचार किया जा रहा है.

नगर पंचायत की इस पहल से एक ओर जहां गोल चौक और आसपास के बाजार क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त एवं व्यवस्थित रखने में मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर प्रभावित दुकानदारों को कारोबार दोबारा शुरू करने के लिए वैकल्पिक स्थान मिल सकेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









