एनएच-27 पर बुलेट की टक्कर से बाइक सवार की मौत के बाद सड़क जाम

Published by : Shruti Kumari Updated At : 30 May 2026 1:30 PM

विज्ञापन

हादसे के बाद सड़क जाम करते आक्रोशित लोग

Supaul road accident: जानकारी के अनुसार एक बुलेट मोटरसाइकिल पर तीन युवक सवार होकर धर्मपट्टी कट से गलत दिशा में आ रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही टीवीएस मोटरसाइकिल से उनकी जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि टीवीएस सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

विज्ञापन

गलत दिशा से आ रही बुलेट की टक्कर में गई जान, मुआवजे की मांग को लेकर डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन

राघोपुर (सुपौल) से आशुतोष झा की रिपोर्ट:

Supaul road accident: राघोपुर थाना क्षेत्र के धर्मपट्टी स्थित एनएच-27 पथ ओवरब्रिज के समीप शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर करीब डेढ़ घंटे तक एनएच-27 जाम कर प्रदर्शन किया.

जानकारी के अनुसार एक बुलेट मोटरसाइकिल पर तीन युवक सवार होकर धर्मपट्टी कट से गलत दिशा में आ रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही टीवीएस मोटरसाइकिल से उनकी जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि टीवीएस सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

हादसे के बाद बुलेट पर सवार तीनों युवक अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों ने बुलेट को अपने कब्जे में लेकर पुलिस को घटना की सूचना दी. लोगों का आरोप है कि सूचना के करीब 25 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिससे नाराज होकर लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया.

मृतक की पहचान रतनपुर थाना क्षेत्र के समदा वार्ड संख्या-12 निवासी 55 वर्षीय सियाराम मालाकार के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.

मृतक के परिजन शिवशंकर मालाकार ने बताया कि सियाराम मालाकार अपनी बेटी से मिलने सिमराही आए थे, जो एक अस्पताल में भर्ती है. दुकान से घर लौटने के दौरान एनएच-27 के कट के पास गलत दिशा से आ रही बुलेट मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई.

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों और परिजनों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया. परिजन मृतक के आश्रितों को तत्काल मुआवजा देने की मांग कर रहे थे. इसी मांग को लेकर वे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का विरोध भी कर रहे थे.

थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची थी. लोगों को समझाकर सड़क जाम हटवाया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले की जांच की जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

विज्ञापन
Shruti Kumari

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन