वीरपुर में पेड़ से लटका मिला 45 वर्षीय व्यक्ति का शव, हत्या या आत्महत्या? पुलिस जांच में जुटी

Updated:
विज्ञापन
वीरपुर में पेड़ से लटका मिला 45 वर्षीय व्यक्ति का शव, हत्या या आत्महत्या? पुलिस जांच में जुटी

घटनास्थल पर लोगों की भीड़

Supaul News: सुपौल के वीरपुर थाना क्षेत्र में 45 वर्षीय मो. लतीफ का शव पेड़ से लटका मिला. परिजनों ने जमीन विवाद में हत्या का आरोप लगाया है, जबकि स्थानीय स्तर पर आत्महत्या की भी चर्चा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

वीरपुर(सुपौल) से प्रमोद कुमार की रिपोर्ट

Supaul News: सुबह जब लोगों की नजर सड़क किनारे एक पेड़ पर लटके शव पर पड़ी तो पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई. मामला और गंभीर तब हो गया, जब परिजनों ने इसे जमीन विवाद से जुड़ी हत्या बताया. वहीं कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक लंबे समय से पारिवारिक विवाद से परेशान था. अब सच क्या है, इसका जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा.

सड़क किनारे पेड़ से लटका मिला शव

घटना वीरपुर थाना क्षेत्र के हृदयनगर पंचायत के वार्ड संख्या 9 की है. शुक्रवार सुबह एसएच-91 के किनारे सीतापुर पुल के समीप एक पेड़ से व्यक्ति का शव लटका मिला.

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. सूचना पर वीरपुर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतारकर कब्जे में लिया.

स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद मृतक की पहचान 45 वर्षीय मो. लतीफ के रूप में की गई.

परिजनों का आरोप- जमीन विवाद में की गई हत्या

मृतक के परिजनों का आरोप है कि परिवार में चल रहे जमीन विवाद के कारण मो. लतीफ की हत्या की गई और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया गया.

परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

स्थानीय लोगों ने बताई दूसरी कहानी

घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय समाजसेवी डॉ. देवेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि मृतक और उसके भाइयों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. इस मामले में पंचायत भी हुई थी.

उनके अनुसार, पंचायत के फैसले से मो. लतीफ संतुष्ट नहीं था और वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था. उनका कहना है कि इसी तनाव के कारण उसने आत्महत्या की हो सकती है. हालांकि यह स्थानीय स्तर पर व्यक्त की गई राय है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

डॉ. यादव ने बताया कि मो. लतीफ पेशे से ट्रैक्टर चालक था और शांत स्वभाव का व्यक्ति माना जाता था.

Supaul News: पुलिस ने क्या कहा?

मौके पर पहुंचे वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ है. शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कर ली गई है.

उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया गया है. प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का.

एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और परिजनों के आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा.

जांच रिपोर्ट पर टिकी सबकी नजर

इस मामले में दो अलग-अलग दावे सामने आए हैं. एक ओर परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं, वहीं कुछ स्थानीय लोग आत्महत्या की आशंका जता रहे हैं. ऐसे में पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ही इस मामले की सच्चाई सामने लाएगी.

ये भी पढ़ें: पत्नी की याद में पति ने बनवाया 25 लाख का मंदिर, जयपुर से मंगाई प्रतिमा, वैदिक मंत्रों के बीच प्राण प्रतिष्ठा

ये भी पढ़ें: कहीं आपकी खरीदी हुई पुरानी गाड़ी चोरी की तो नहीं? खरीदने से पहले जरूर करें ये काम, नहीं तो पड़ सकते हैं कानूनी लफड़े में

विज्ञापन
प्रत्युष प्रशांत

लेखक के बारे में

By प्रत्युष प्रशांत

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन