राज्य स्तरीय भगैत महासम्मेलन आज, 1400 से अधिक मंडलियों को आमंत्रण

108 बालिकाओं की कलश यात्रा से होगा भगैत महासम्मेलन का शुभारंभ
– 29 से 31 मार्च तक लौकहा पंचायत में होगा आयोजन, नेपाल से भी आएंगे कलाकार – 108 बालिकाओं की कलश यात्रा से होगा भगैत महासम्मेलन का शुभारंभ सुपौल. सदर प्रखंड अंतर्गत लौकहा पंचायत में 29 से 31 मार्च तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय भगैत महासम्मेलन सह 62वें वार्षिक महाधिवेशन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही है. इस भव्य आयोजन में 1400 से अधिक भगैत मंडलियों को आमंत्रित किया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में सांस्कृतिक उत्साह का माहौल बना हुआ है. अखिल भारतीय लोकगाथा भगैत महासभा के संयोजक सह प्रवक्ता डॉ अमन कुमार ने बताया कि इस राज्य स्तरीय आयोजन में बिहार के विभिन्न जिलों से लोकगाथा भगैत से जुड़े पंजियार, मुलगैन, मासिक सभापति, वार्षिक सभापति, महासभा सदस्य तथा बाबा धर्मराज के श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेंगे. आयोजन की खास बात यह है कि पड़ोसी देश नेपाल से भी आठ भगैत मंडलियों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है, जिससे कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप मिलेगा. उन्होंने बताया कि 29 मार्च की सुबह 108 बालिकाओं की भव्य कलश यात्रा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा. यह कलश यात्रा लौकहा पंचायत के वार्ड नंबर 11 स्थित सम्मेलन स्थल से निकलकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए कजहा और अमहा होते हुए पुनः आयोजन स्थल पर पहुंचेगी. इसके बाद दीप प्रज्वलन कर विधिवत सम्मेलन का उद्घाटन किया जाएगा. सम्मेलन स्थल पर लोकगाथा भगैत से जुड़े प्रमुख पात्रों जैसे बाबा धर्मराज, ज्योति पंजियार, मीरा साहेब, खेदन महाराज और संत कारू खिरहरी की आकर्षक प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं. जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगी. तीन दिवसीय इस महाधिवेशन में लोकगाथा भगैत के कई प्रसिद्ध गायक अपनी प्रस्तुति देंगे. इनमें रूदल पंजियार, दिपेन पंजियार, रामदेव पंजियार, श्याम पंजियार, रंजीत पंजियार, दाहु पंजियार, सुभाष पंजियार, सुरेश पंजियार, चन्द्र किशोर पंजियार, शंकर पंजियार, लालू पंजियार, रामप्रवेश पंजियार, राज कुमार पंजियार, लाल पंजियार, अमित पंजियार, पंकज पंजियार, संगीता भारती, खुशबू भारती, रीता भारती और रीना भारती प्रमुख रूप से शामिल हैं. इन कलाकारों द्वारा बाबा धर्मराज की महिमा का बखान करते हुए भक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी. जिससे आयोजन को भव्यता और गरिमा मिलेगी. पूरे क्षेत्र में इस आयोजन को लेकर उत्साह चरम पर है. इसे सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




