8 साल की सेवा के बाद रिटायर हुई खोजी श्वान 'क्यूटी', SSB ने गोद लेने के लिए मांगे आवेदन

Updated:
विज्ञापन

श्वान 'क्यूटी

SSB Dog Adoption: मादक पदार्थों की तस्करी पकड़ने में अहम भूमिका निभाने वाली 'Cutie' हुई रिटायर, SSB ढूंढ़ रही नया परिवार.

विज्ञापन

वीरपुर (सुपौल) से प्रमोद कुमार की रिपोर्ट.

SSB Dog Adoption: आठ वर्षों तक देश की सेवा करने के बाद सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की मादक पदार्थ खोजी श्वान ‘क्यूटी’ अब सेवानिवृत्त हो गयी है. 45वीं वाहिनी एसएसबी, वीरपुर ने इस रिटायर्ड खोजी श्वान को निःशुल्क गोद देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. जर्मन शेफर्ड नस्ल की मादा श्वान ‘क्यूटी’ ने अपने पूरे सेवाकाल में मादक पदार्थों की पहचान और सुरक्षा अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. अब एसएसबी ऐसे जिम्मेदार श्वान प्रेमियों या संस्थानों की तलाश में है, जो उसे सुरक्षित और स्नेहपूर्ण वातावरण प्रदान कर सकें.

8 वर्षों तक निभायी अहम जिम्मेदारी

45वीं वाहिनी एसएसबी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार मादा श्वान ‘क्यूटी’ का जन्म 27 अप्रैल 2018 को हुआ था. निर्धारित आठ वर्ष की सेवा अवधि पूरी करने के बाद अब उसे बल के प्रचलित नियमों के तहत सेवानिवृत्त कर दिया गया है.

अपने सेवाकाल के दौरान ‘क्यूटी’ ने मादक पदार्थों की पहचान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी और कई अभियानों में अपनी दक्षता का परिचय दिया. एसएसबी अधिकारियों के अनुसार उसकी सेवाएं बल के लिए बेहद महत्वपूर्ण रही हैं.

Ssb कैंप में क्यूटी

गोद लेने के लिए पूरी करनी होंगी जरूरी शर्तें

एसएसबी ने स्पष्ट किया है कि इच्छुक आवेदकों को लिखित घोषणा देनी होगी कि वे श्वान की मृत्यु तक उसकी उचित देखभाल, चिकित्सा और प्रबंधन सुनिश्चित करेंगे. इसके साथ ही यह भी प्रमाणित करना होगा कि श्वान का उपयोग किसी भी प्रकार के व्यावसायिक या प्रजनन संबंधी कार्यों में नहीं किया जाएगा.

बल ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि गोद लेने वाला व्यक्ति निर्धारित शर्तों का पालन करने में असफल पाया जाता है, तो एसएसबी को श्वान वापस लेने का पूरा अधिकार होगा. ऐसी स्थिति में किसी प्रकार का मुआवजा नहीं दिया जाएगा.

SSB Dog Adoption: प्राथमिकता के आधार पर होगा चयन

एसएसबी के अनुसार प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद प्राथमिकता और चयन प्रक्रिया के आधार पर ‘क्यूटी’ को निःशुल्क गोद दिया जाएगा. सरकारी संस्थान, विभाग, बल के सदस्य, गैर-सरकारी संगठन और आम नागरिक भी आवेदन कर सकते हैं.

इच्छुक लोग नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 9431821342 और 06471-223065 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा ई-मेल bn45ssb@gmail.com पर भी आवेदन भेजा जा सकता है.

Also Read: अधीक्षण अभियंता पवन कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में आर्थिक अपराध प्रभाग की कार्रवाई जारी.

‘क्यूटी’ को चाहिए स्नेह और सुरक्षित आश्रय

देश सेवा का लंबा सफर पूरा करने के बाद अब ‘क्यूटी’ ऐसे नए घर की तलाश में है, जहां उसे प्यार, देखभाल और सुरक्षित माहौल मिल सके.

Also Read: आज से पूरे बिहार में शुरू होगा आंधी-पानी का दौर, इन 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, IMD की एडवाइजरी जारी

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन