पर्यावरण, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण पर निसर्ग मानव फाउंडेशन का जोर

Updated:
विज्ञापन

फोटो- बैठक में शामिल बिहार सरकार के विशेष सचिव व अन्य | Prabhat Khabar Network

निसर्ग मानव फाउंडेशन की पहली कार्यकारिणी बैठक में पर्यावरण संरक्षण, रोजगार सृजन, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण जैसे अहम सामाजिक मुद्दों पर गहन चर्चा हुई. बैठक में ग्रामीण युवाओं को रोजगार से जोड़ने और खेल प्रतिभाओं को निखारने की योजनाओं पर जोर दिया गया.

विज्ञापन

Supaul News: छातापुर (सुपौल). निसर्ग मानव फाउंडेशन की प्रथम कार्यकारिणी की बैठक अध्यक्ष धर्मशीला देवी के मुख्यालय स्थित आवास पर आयोजित की गई. बैठक में पर्यावरण संरक्षण, रोजगार, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने सहित विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर चर्चा हुई. कार्यक्रम में बिहार सरकार के विशेष सचिव मनोज कुमार और पटना के शिक्षाविद डॉ. हर्ष वर्धन विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे.

प्रकृति की सेवा को बताया सबसे बड़ी सेवा

युवा उद्यमी सह फाउंडेशन के उपसचिव विजय प्रकाश ने कहा कि प्रकृति की सेवा सबसे बड़ी सेवा है. उन्होंने कहा कि आत्मकेंद्रित सोच और अंधाधुंध विकास के कारण जल, वायु और मिट्टी प्रदूषित हो रही है तथा पेड़-पौधों को नुकसान पहुंच रहा है. इसके परिणामस्वरूप समाज को बाढ़, भूकंप, सूखा और जलवायु परिवर्तन जैसी प्राकृतिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है.उन्होंने कहा कि भारतीय सांस्कृतिक परंपरा प्रकृति के संरक्षण और पोषण की रही है. फाउंडेशन इसी सोच के साथ पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने का प्रयास करेगा.

ग्रामीण युवाओं को रोजगार से जोड़ना प्राथमिकता

विजय प्रकाश ने बताया कि संस्था की पहली प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों के कुशल एवं अकुशल बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है. इसके साथ ही शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में पूरे बिहार में कार्य विस्तार करने का संकल्प लिया गया है.

महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर

अध्यक्ष धर्मशीला देवी ने सदस्यों को पर्यावरण, शिक्षा और रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों के माध्यम से सतत एवं समावेशी विकास का संकल्प दिलाया. उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है, ताकि उनकी निर्णय लेने की क्षमता मजबूत हो और वे आत्मनिर्भर बन सकें.

गरीबों को रोजगारपरक गतिविधियों से जोड़ने की पहल

सचिव सचिन माधोगरिया ने जरूरतमंद और गरीब लोगों को रोजगारपरक गतिविधियों से जोड़कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने की बात कही. उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते वायु प्रदूषण पर भी चिंता जताते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए ठोस पहल की आवश्यकता बताई.

ग्रामीण खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य

युवा उद्यमी सह कोषाध्यक्ष विशाल गोलछा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के उपेक्षित खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा. इसके बाद उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए फाउंडेशन के माध्यम से प्रयास किया जायेगा.वहीं संगठन के उपाध्यक्ष केशव कुमार गुड्डू ने समाज के निचले पायदान पर खड़े लोगों को शिक्षा से जोड़कर उन्हें स्वावलंबी बनाने पर जोर दिया.

हरित सत्याग्रह और जनजागरूकता अभियान पर चर्चा

पर्यावरणविद डॉ. राम प्रकाश रवि ने हरित सत्याग्रह की आवश्यकता पर विचार रखा. सत्य प्रकाश गुप्ता ने पूरे बिहार में पर्यावरण और सामाजिक मुद्दों को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाने का सुझाव दिया.

'हर घर हो किताब' मुहिम का प्रस्ताव

Supaul News: बैठक में बिहार सरकार के विशेष सचिव मनोज कुमार ने फाउंडेशन को हरसंभव प्रोत्साहन और उचित मार्गदर्शन देने की बात कही. वहीं शिक्षाविद डॉ. हर्ष वर्धन ने "हर घर हो किताब, बने शिक्षित हमारा परिवार" मुहिम को लेकर प्रस्ताव रखा. उन्होंने शिक्षा को सामाजिक बदलाव का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने की आवश्यकता बताई.बैठक में समाजसेवी मंजेश कुमार यादव, सानू शर्मा, वीरेंद्र कुमार, प्रदीप यादव सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे.


विज्ञापन
संजय कुमार पप्पू

लेखक के बारे में

By संजय कुमार पप्पू

संजय कुमार पप्पू प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. छातापुर (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन