कोसी नदी में बाढ़ से पहले कटाव निरोधक कार्य तेज

118 योजनाओं के लिए युद्धस्तर पर हो रहा काम
118 योजनाओं के लिए युद्धस्तर पर हो रहा काम वीरपुर. कोसी नदी में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए वर्ष 2025 के लिए कुल 118 बाढ़ पूर्व कटाव निरोधक योजनाओं को उच्च स्तरीय समिति (हाई लेवल कमेटी) से स्वीकृति प्राप्त हुई है. इन योजनाओं पर युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है ताकि बाढ़ के दौरान किसी प्रकार की क्षति से क्षेत्र को सुरक्षित रखा जा सके. जल संसाधन विभाग के चीफ इंजीनियर (बाढ़ नियंत्रण एवं जल निःसरण), वरुण कुमार ने कौशिकी भवन स्थित अपने कार्यालय में जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2024 में कोसी नदी में अधिकतम 6.61 लाख क्यूसेक पानी का बहाव दर्ज किया गया था, जिससे नदी की तेज धारा ने कई स्थानों पर तटबंधों और स्परों को क्षतिग्रस्त कर दिया था. इन्हीं अनुभवों को ध्यान में रखते हुए विभाग ने कोसी बराज और दोनों तटबंधों का भौतिक निरीक्षण किया, जिसके उपरांत 118 योजनाओं को स्वीकृति दी गई. इनमें से 106 योजनाएं तटबंधों और स्परों के सुदृढ़ीकरण से संबंधित हैं, जबकि 12 योजनाओं को विलेज प्रोटेक्शन वर्क की श्रेणी में रखा गया है. चीफ इंजीनियर कुमार ने बताया कि सभी चयनित स्थलों पर दिन-रात काम हो रहा है और विभाग द्वारा निर्धारित समय सीमा 15 मई तक अधिकांश कार्यों को पूर्ण कर लेने का लक्ष्य है. शेष कार्य, जिनकी निविदा प्रक्रिया बाद में पूरी हुई है, उन्हें भी बाढ़ से पहले पूर्ण कर लिया जाएगा. कोसी बराज के गेटों का हुआ अपडेशन कोसी बराज की क्षमता और सुरक्षा को भी मजबूत किया जा रहा है. चीफ इंजीनियर वरुण कुमार ने बताया कि सभी गेटों के संचालन प्रणाली का उन्नयन (अपडेशन) किया गया है. बीते वर्ष बाढ़ के बाद विभागीय टीम ने कोसी बराज का निरीक्षण कर विस्तृत जांच की थी, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर सभी आवश्यक सुधार कार्य किए जा रहे हैं. निरीक्षण और समीक्षा के दौरान अधीक्षण अभियंता संजय कुमार भी उपस्थित थे. विभागीय अधिकारियों ने विश्वास जताया है कि सभी जरूरी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी और कोसी क्षेत्र को बाढ़ के खतरों से सुरक्षित रखने में यह प्रयास प्रभावी सिद्ध होंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




