सिमराही नगर पंचायत कार्यालय का एसडीएम ने किया निरीक्षण, सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी

Updated:
विज्ञापन
कार्यालय कर्मी से बातचीत करते एसडीएम | Prabhat Khabar Network

कार्यालय कर्मी से बातचीत करते एसडीएम | Prabhat Khabar Network

एसडीएम विनय कुमार ने सिमराही नगर पंचायत कार्यालय का निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यों और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए दो दिनों के भीतर कचरा हटाने का निर्देश दिया. आम लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं देना प्रशासन की प्राथमिकता है.

विज्ञापन

राघोपुर (सुपौल). एसडीएम विनय कुमार ने शनिवार को नगर पंचायत सिमराही कार्यालय का निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यों एवं साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों की उपस्थिति की जांच की तथा विभिन्न शाखाओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. इस अवसर पर राघोपुर अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया भी मौजूद रहीं.

कार्यालय के कार्यों और अभिलेखों की हुई समीक्षा

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कर्मचारियों से उनके दायित्व, कार्य निष्पादन एवं लंबित मामलों की जानकारी ली. उन्होंने विभिन्न शाखाओं के अभिलेखों का अवलोकन किया और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की भी समीक्षा की.

सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी

नगर क्षेत्र में साफ-सफाई को लेकर मिल रही शिकायतों पर एसडीएम ने लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी दीपक कुमार को निर्देश दिया कि वे सप्ताह में कम-से-कम तीन दिन नगर पंचायत सिमराही में उपस्थित रहकर स्वच्छता कार्यों की निगरानी करें. उन्होंने उपस्थिति की पूर्व सूचना देने का भी निर्देश दिया ताकि कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग हो सके.

दो दिनों में कचरा हटाने का निर्देश

एसडीएम ने नगर पंचायत क्षेत्र, नगर कार्यालय परिसर और प्रखंड कार्यालय परिसर में जमा कचरे को गंभीर समस्या बताते हुए दो दिनों के भीतर सभी स्थानों से कचरा हटाने का निर्देश दिया. उन्होंने सफाई निरीक्षक नवीन कुमार को सोमवार तक हर हाल में सफाई कार्य पूरा कराने को कहा. साथ ही स्वच्छता सुपरवाइजर से संसाधनों एवं नियमित सफाई अभियान की जानकारी लेकर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिये.

होल्डिंग टैक्स और नागरिक सेवाओं की भी समीक्षा

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने नगर क्षेत्र में आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों की संख्या, होल्डिंग टैक्स वसूली की प्रगति तथा जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया और लंबित मामलों की जानकारी ली. उन्होंने संबंधित कर्मियों को नागरिक सेवाओं में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया.

बेहतर नागरिक सुविधाएं प्रशासन की प्राथमिकता

निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि यह नियमित प्रशासनिक निरीक्षण का हिस्सा था. उन्होंने बताया कि अधिकांश कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन सफाई व्यवस्था को लेकर मिली शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि आम लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.


विज्ञापन
आशुतोष झा

लेखक के बारे में

By आशुतोष झा

आशुतोष झा प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. राघोपुर (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन