नेपाल में बारिश से उफान पर कोसी, छह घंटे में 46 हजार क्यूसेक बढ़ा जलप्रवाह, संवेदनशील स्पर पर बढ़ी चौकसी

Updated:
विज्ञापन

कोसी नदी का जलस्तर.| Prabhat Khabar Network

नेपाल में लगातार बारिश के कारण कोसी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। जल संसाधन विभाग ने नदी पर कड़ी निगरानी रखी है और संवेदनशील तटबंधों पर सुरक्षा उपाय बढ़ा दिए हैं।

विज्ञापन

Kosi River Water Level : नेपाल में लगातार हो रही बारिश के कारण कोसी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. गुरुवार की अहले सुबह चार बजे से बराहक्षेत्र में जलप्रवाह लगातार बढ़ने लगा. महज छह घंटे के भीतर नदी के डिस्चार्ज में करीब 46,300 क्यूसेक की वृद्धि दर्ज की गई और सुबह तक जलप्रवाह 1,78,800 क्यूसेक पहुंच गया. जल संसाधन विभाग की निगाह लगातार नदी के जलस्तर पर बनी हुई है. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि नेपाल में वर्षा का दौर जारी रहा तो इस वर्ष कोसी का जलप्रवाह फिर ऊंचे स्तर तक पहुंच सकता है.

संवेदनशील 10 किलोमीटर स्पर पर बढ़ाई गई चौकसी

बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पूर्वी कोसी तटबंध के सबसे संवेदनशील माने जाने वाले 10 किलोमीटर स्पर पर विभागीय गतिविधियां तेज कर दी गई हैं. सुरक्षा सामग्री का भंडारण किया गया है, हालांकि निरीक्षण के दौरान मौके पर अभियंता मौजूद नहीं मिले. स्पर के उत्तरी हिस्से में पहले लगाए गए कई बोल्डर कैरेट क्षतिग्रस्त पाए गए. विभागीय सूत्रों के अनुसार नदी से लकड़ी निकालने के दौरान इस तरह की क्षति होती है. विशेषज्ञों ने समय रहते इसकी मरम्मत कराने की जरूरत बताई है.

2017-18 की बाढ़ आज भी बनी चेतावनी

वर्ष 2017-18 की बाढ़ के दौरान इसी 10 किलोमीटर स्पर पर पहले धंसान और बाद में तेज कटाव शुरू हो गया था. कटाव करीब 30 मीटर तक पहुंच गया था, जिसके बाद तत्कालीन मुख्य अभियंता प्रकाश दास और विभागीय टीम ने लगभग एक महीने तक राहत एवं सुरक्षा कार्य चलाया. करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से स्पर को सुरक्षित किया गया था. इसके बाद तत्कालीन जल संसाधन मंत्री ललन सिंह ने भी स्थल का निरीक्षण किया था.

2024 की बाढ़ ने बढ़ाई थी चिंता

वर्ष 2024 में लगभग 6.61 लाख क्यूसेक जलप्रवाह के दौरान कोसी बराज और तटबंधों पर भारी दबाव बना था, जिससे विभाग के दावों पर सवाल उठे थे. सरायगढ़ और किशनपुर प्रखंड के कई गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी और कई स्थानों पर कटाव भी हुआ था. इस अनुभव के बाद विभाग संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरत रहा है.

विभाग ने कहा- तटबंध फिलहाल सुरक्षित

जल संसाधन विभाग के अनुसार कोसी नदी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों तटबंध तथा सभी स्पर फिलहाल सुरक्षित हैं. अधिकारियों ने बताया कि नेपाल में हो रही बारिश और नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन और सुरक्षा व्यवस्था पहले से तैयार रखी गई है.


विज्ञापन
राजीव कुमार झा

लेखक के बारे में

By राजीव कुमार झा

राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन