छातापुर में 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन लाइन के एक किलोमीटर तार की चोरी, ग्रामीणों का पीएसएस पर हंगामा

Updated:
विज्ञापन

पीएसएस पर हंगामा करते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network

छातापुर में अज्ञात चोरों ने 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन लाइन के करीब एक किलोमीटर तार काटकर चोरी कर लिया, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पावर सब-स्टेशन पर पहुंचकर विभाग के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया.

विज्ञापन

Supaul Power Theft: छातापुर (सुपौल). छातापुर थाना क्षेत्र के लालगंज में मंगलवार की देर रात बिजली बाधित रहने के दौरान अज्ञात चोरों ने 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन संचरण लाइन के करीब एक किलोमीटर हिस्से का तार काटकर चोरी कर लिया. घटना के बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई. बुधवार सुबह जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में पावर सब-स्टेशन पहुंचे और विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया.

15 से 20 पोल तक गायब मिला तार

ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार रात करीब साढ़े 12 बजे अचानक बिजली आपूर्ति बंद हो गई. पावर सब-स्टेशन के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन बंद मिला. बुधवार सुबह खेतों की ओर जाने पर लोगों ने देखा कि करीब 15 से 20 पोल के बीच लगा 11 हजार वोल्ट लाइन का तार गायब है. कई स्थानों पर कटे हुए तार खेतों में पड़े मिले, जिन्हें चोर जल्दबाजी में छोड़कर भाग गए.

ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप

ग्रामीणों ने इस घटना को सुनियोजित बताते हुए विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए. उनका कहना है कि यदि बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होती तो कोई भी व्यक्ति 11 हजार वोल्ट लाइन के इतने बड़े हिस्से का तार काटने का जोखिम नहीं उठाता. ग्रामीणों ने आशंका जताई कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यह भी पता लगाया जाए कि बिजली आपूर्ति बाधित होने के पीछे किसी की लापरवाही या मिलीभगत तो नहीं थी.

तीसरी बार हुई तार चोरी की घटना

ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में बिजली तार चोरी की यह तीसरी घटना है. इसके बावजूद विभाग द्वारा न तो संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई और न ही निगरानी बढ़ाई गई. उन्होंने सरकारी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए.

पुलिस और एसडीपीओ पहुंचे मौके पर

हंगामे की सूचना मिलते ही छातापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को शांत कराया. इसी दौरान एसएच-91 से गुजर रहे त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विभाष कुमार भी पावर सब-स्टेशन पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. ग्रामीणों ने उन्हें भी अपनी शिकायतों से अवगत कराया.

एफआईआर दर्ज, जांच शुरू

Supaul Power Theft: प्रभारी कनीय विद्युत अभियंता (जेई) मुकेश कुमार ने बताया कि घटना को लेकर छातापुर थाना में अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है. उन्होंने कहा कि विभाग पुलिस के साथ समन्वय बनाकर मामले की जांच कर रहा है तथा जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें: वीरपुर में एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 100 वायरलेस उपकरण और 2.63 लाख नेपाली रुपये जब्त


विज्ञापन
संजय कुमार पप्पू

लेखक के बारे में

By संजय कुमार पप्पू

संजय कुमार पप्पू प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. छातापुर (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन