पिपरा की दो पंचायतों में सहयोग शिविर, जलजमाव वाली सड़कों और राशन-पेंशन की शिकायतें सबसे ज्यादा
फोटो- पंचायत सरकार भवन पर आयोजित सहयोग शिविर | Prabhat Khabar Network
कटैया-निर्मली (सुपौल) में आयोजित सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की जनसमस्याएं सुनीं. जर्जर सड़कों, पेयजल आपूर्ति, राशन वितरण और पेंशन योजनाओं से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं. अधिकारियों ने प्राथमिकता के आधार पर समाधान का भरोसा दिलाया है.
Supaul Sahyog Shivir: कटैया-निर्मली (सुपौल). पिपरा प्रखंड क्षेत्र के रतौली एवं पथरा उत्तर पंचायत में बुधवार को सरकार के निर्देशानुसार सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. पंचायत स्तर पर आम लोगों की शिकायतों के त्वरित निष्पादन के उद्देश्य से आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त किए और समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया. मंगलवार को सरकारी अवकाश रहने के कारण शिविर का आयोजन बुधवार को किया गया.
विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सुनी समस्याएं
पथरा उत्तर पंचायत सरकार भवन में आयोजित शिविर में सीनियर डिप्टी कलेक्टर (ओएसडी) विकास कुमार कर्ण, शिविर प्रभारी सह राजस्व अधिकारी एवं प्रभारी अंचलाधिकारी सुभाष चन्द्र चौधरी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी मणिकांत कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. स्वास्थ्य, शिक्षा, पीएचईडी, मनरेगा, राजस्व, खाद्य आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, बाल विकास परियोजना एवं विद्युत विभाग के स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों ने आवेदन सौंपे.
सड़क, पेयजल और राशन की शिकायतें सबसे ज्यादा
शिविर में सबसे अधिक शिकायतें पंचायत की जर्जर एवं जलजमाव वाली सड़कों की मरम्मत, आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में सुधार, पेयजल आपूर्ति, राशन वितरण तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित प्राप्त हुईं. ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष लिखित और मौखिक रूप से अपनी समस्याएं रखीं.
प्राथमिकता के आधार पर होगा समाधान
ओएसडी विकास कुमार कर्ण ने कहा कि पंचायत की जलमग्न एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराई जाएगी. उन्होंने कहा कि अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों का भी नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके.
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
Supaul Sahyog Shivir: शिविर में पीएचईडी के कनीय अभियंता धीरज कुमार, उत्पाद विभाग के विकास कुमार, आपूर्ति विभाग के शंकर कुमार, रोजगार सेवक दीपक कुमार दिनकर, कार्यपालक सहायक रोशन कुमार, पंचायत सचिव संजीव कुमार, विद्युत विभाग के प्रशांत कुमार, सलाहकार उमेश कुमार, मुखिया मसरुद्दीन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By इंद्रभूषण कुमार
इंद्रभूषण प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. कटैया निर्मली (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










