उमावि जदिया के मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित

Edited by BASANT YADAV
Updated:
विज्ञापन

ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने से बढ़ता है आत्मविश्वास : विधायक

विज्ञापन

– ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने से बढ़ता है आत्मविश्वास : विधायक जदिया. जदिया पंचायत भवन परिसर में रविवार को पंचायत गौरव सम्मान 2026 का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जदिया पंचायत की मुखिया अन्नू अग्रवाल ने की. समारोह में 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल करने वाले उच्च माध्यमिक विद्यालय जदिया के मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया. समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में त्रिवेणीगंज विधायक सोनम रानी सरदार एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सह त्रिवेणीगंज पंचायती राज पदाधिकारी मनीष कुमार मीनू मौजूद थे. अतिथियों ने एक-एक कर मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल प्रदान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. पंचायत भवन परिसर तालियों की गूंज से बार-बार गूंजता रहा. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सोनम रानी सरदार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. गांव के बच्चे सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और लगन से सफलता हासिल कर रहे हैं, जो पूरे समाज के लिए गर्व की बात है. जरूरत सिर्फ ऐसे बच्चों को सही दिशा, अवसर और प्रोत्साहन देने की है. उन्होंने कहा कि गौरव सम्मान समारोह जैसे आयोजन से छात्र-छात्राओं का मनोबल बढ़ता है, उनमें आत्मविश्वास आता है और आगे बढ़ने की नई ऊर्जा मिलती है. उन्होंने कहा कि सम्मान मिलने से बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है तथा वे जीवन में बड़ा लक्ष्य तय कर उसे हासिल करने के लिए और अधिक मेहनत करते हैं. विशिष्ट अतिथि मनीष कुमार मीनू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता. निरंतर परिश्रम, अनुशासन, समय प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से ही बेहतर परिणाम प्राप्त होते हैं. उन्होंने छात्र-छात्राओं को आगे की पढ़ाई, कैरियर चयन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर विस्तार से जानकारी दी. साथ ही अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की शिक्षा में हरसंभव सहयोग करें. मुखिया अन्नू अग्रवाल ने कहा कि पंचायत के मेधावी बच्चों को सम्मानित करना गर्व का विषय है. पंचायत में शिक्षा का माहौल मजबूत करने, छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने और प्रतिभाओं को मंच देने के लिए आगे भी ऐसे आयोजन लगातार किये जाते रहेंगे. पंचायत का प्रयास है कि हर बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करे और अपने सपनों को साकार करे. कार्यक्रम का सफल संचालन भूषण दिवाकर ने किया. समारोह के दौरान अभिभावकों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी रही. समारोह में 69 प्रतिभावन छात्र-छात्रा को मोमेंटो, कॉपी व कलम प्रदान कर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक असीम कुमार ठाकुर, शिक्षक संतोष कुमार, अनिल यादव, विधायक प्रतिनिधि सिकेंद्र सरदार, संजय कुमार अग्रवाल, पवन कुमार अग्रवाल, अनिल मेहता, उमेश यादव, देवेंद्र यादव, श्याम पोदार, फैजान सरवर, सुनील मेहता, फुलेश्वर मेहता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे.

विज्ञापन
BASANT YADAV

लेखक के बारे में

By BASANT YADAV

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन