वीरपुर में हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत, स्टेडियम ग्राउंड से निकली यात्रा, 12 को स्कूलों में होगा आयोजन
तिरंगा यात्रा में शामिल लोग.
Har Ghar Tiranga 2026 : वीरपुर मुख्यालय से हर घर तिरंगा अभियान का जोरदार आगाज हुआ है, जिसमें सैकड़ों छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक शामिल हुए. यह अभियान 17 अगस्त तक चलेगा, जिसका उद्देश्य देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है.
Har Ghar Tiranga 2026 : नेपाल सीमा से सटे वीरपुर मुख्यालय स्थित स्टेडियम ग्राउंड से रविवार को हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की गयी. वीरपुर एसडीएम विनय कुमार के नेतृत्व में आयोजित तिरंगा यात्रा में बसंतपुर प्रखंड के अधिकारी, स्थानीय लोग, पेंशनर समाज के प्रबुद्धजन, एनसीसी कैडेट्स और विभिन्न सरकारी व निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. हाथों में तिरंगा लिये विद्यार्थियों और लोगों के जयघोष से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया.
स्टेडियम ग्राउंड से निकली तिरंगा यात्रा
कार्यक्रम में सावित्री प्रभा आवासीय विद्यालय, एसएन सीबीएसई स्कूल, दिव्य सनातन आवासीय विद्यालय, सरस्वती शिशु मंदिर, राजकीय प्लस टू हाई स्कूल, राजकीय मध्य विद्यालय वीरपुर, एंबीशन प्वाइंट, लिटिल फ्लावर होम, कन्या मध्य विद्यालय और मध्य विद्यालय शालिवाशा समेत विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए. शिक्षकों और शिक्षिकाओं ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया.
आजादी के जश्न और राष्ट्रभक्ति का संदेश
आगामी 80वें स्वतंत्रता दिवस के जश्न और लोगों में राष्ट्रीयता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया. यात्रा के दौरान बच्चों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला. हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिये प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ अभियान में अपनी भागीदारी दर्ज करायी.
17 अगस्त तक चलेगा अभियान
वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत रविवार से की गयी है और यह अभियान 17 अगस्त तक लगातार चलेगा. उन्होंने बताया कि 12 अगस्त को क्षेत्र के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में अभियान को व्यापक स्तर पर धूमधाम से मनाया जायेगा. इस दौरान विद्यार्थियों और लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना का संदेश दिया जायेगा.
अधिकारी और प्रबुद्धजन भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार, बसंतपुर बीडीओ सुजीत कुमार मिश्रा, सीओ ब्रजेश कुमार सिंह, प्रखंड शिक्षा सह कल्याण पदाधिकारी बजरंग प्रताप सिंह, रिटायर्ड फौजी रामेश्वर भगत समेत अन्य अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे. अधिकारियों ने भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया और अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
समापन पर पर्यावरण संरक्षण की दिलायी शपथ

तिरंगा यात्रा के समापन के दौरान छात्र-छात्राओं को वीरपुर स्थित अंबेडकर स्मारक स्थल पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर शपथ दिलायी गयी. एसडीएम नीरज कुमार ने विद्यार्थियों को पृथ्वी को स्वच्छ और सुरक्षित रखने, अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा जल और बिजली के अनावश्यक अपव्यय से बचने का संकल्प दिलाया. इस तरह कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










