दूसरी सोमवारी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, शिवालयों में लगी लंबी कतारें, बोल बम व हर-हर महादेव से गूंजा सुपौल

Updated:
विज्ञापन

जलाभिषेक करते श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network

Supaul Sawan Somwari : सावन मास की दूसरी सोमवारी पर सुपौल के शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. तिल्हेश्वर नाथ और कपिलेश्वर नाथ मंदिरों में तड़के सुबह से ही लंबी कतारें लग गईं. श्रद्धालुओं ने भक्तिमय माहौल में जलाभिषेक कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.

विज्ञापन

Supaul Sawan Somwari : सावन मास की दूसरी सोमवारी के पावन अवसर पर सोमवार को सुपौल जिले के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. अहले सुबह से ही मंदिरों में शिवभक्तों की लंबी कतारें लग गयीं. श्रद्धालुओं ने पूरी आस्था के साथ बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. दिनभर जिले के विभिन्न मंदिरों में ‘बोल बम’, ‘ओम नमः शिवाय’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष गूंजते रहे और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा.

तिल्हेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

सदर प्रखंड के सुखपुर स्थित प्रसिद्ध तिल्हेश्वर नाथ महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था. अगवानी घाट, सुल्तानगंज, कोसी नदी समेत विभिन्न जलस्रोतों से पवित्र जल लेकर शिवभक्त मंदिर पहुंचे और बाबा का जलाभिषेक किया. जल चढ़ाने के लिए मंदिर परिसर में लंबी कतारें लगी रहीं.

सुरक्षा के लिए तैनात रहे पुलिस बल और स्वयंसेवक

तिल्हेश्वर नाथ मंदिर में भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये थे. दंडाधिकारी की निगरानी में महिला और पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों पर नजर रखने के लिए एक दर्जन से अधिक CCTV कैमरे लगाये गये थे. मंदिर समिति की ओर से भी भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दो दर्जन से अधिक स्वयंसेवकों को तैनात किया गया था.

कपिलेश्वर नाथ मंदिर में तड़के चार बजे से लगी कतार

बरुआरी पश्चिम स्थित कपिलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में भी दूसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही. तड़के करीब चार बजे से ही शिवभक्त मंदिर पहुंचने लगे थे. हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया. मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किये गये थे.

मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग के माध्यम से श्रद्धालुओं के आवागमन को व्यवस्थित रखा गया, जिससे भक्तों को दर्शन और जलाभिषेक में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई.

जिले के प्रमुख शिवालयों में गूंजता रहा हर-हर महादेव

तिल्हेश्वर नाथ और कपिलेश्वर नाथ मंदिर के अलावा मोहनिया स्थित हजारी महादेव मंदिर, प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सोमेश्वरनाथ कालेश्वर महादेव मंदिर समेत दर्जनों ग्रामीण शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही. भक्तों ने विभिन्न पवित्र जलस्रोतों से जल भरकर मंदिर पहुंचकर शिवलिंग पर जल अर्पित किया.

पूजा के साथ मेले का भी लिया आनंद

सावन की दूसरी सोमवारी पर शिवालयों के आसपास उत्सवी माहौल देखने को मिला. मंदिर परिसर के आसपास लगे झूलों और दुकानों पर बच्चों एवं महिलाओं की भीड़ लगी रही. श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के साथ मेले जैसे माहौल का भी आनंद लिया.

आस्था और उत्साह से सराबोर रहा सुपौल

दूसरी सोमवारी पर जिलेभर के शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने सावन की धार्मिक आस्था और उत्साह की शानदार तस्वीर पेश की. सुबह से देर शाम तक मंदिरों में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का सिलसिला चलता रहा. जयघोष और भक्ति गीतों से पूरा सुपौल शिवभक्ति में डूबा नजर आया.


विज्ञापन
राजीव कुमार झा

लेखक के बारे में

By राजीव कुमार झा

राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन