सुपौल इंजीनियरिंग कॉलेज में स्टार्टअप का पाठ, नवप्रवेशी छात्रों को बताया कैसे आइडिया से तैयार करें सफल बिजनेस
प्रशिक्षण में मौजूद छात्र. | Prabhat Khabar Network
Student Induction Program 2026 : सुपौल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में नव नामांकित छात्रों के लिए उद्यमिता और नवाचार पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसका उद्देश्य छात्रों को स्टार्टअप, बिहार स्टार्टअप नीति 2022 और उपलब्ध सरकारी सहायता की जानकारी देना था.
Student Induction Program 2026 : सुपौल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के स्टार्टअप सेल की ओर से स्टूडेंट इंडक्शन प्रोग्राम-2026 के तहत सेमिनार हॉल में नव नामांकित विद्यार्थियों के लिए उद्यमिता एवं नवाचार उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्टार्टअप, नवाचार, बिहार स्टार्टअप नीति 2022 तथा सरकार और विभिन्न संस्थानों की ओर से उपलब्ध सहयोग एवं अवसरों की जानकारी देना था. कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को वास्तविक समस्याओं की पहचान कर उनके नए समाधान विकसित करने और अपने विचारों को व्यवसाय में बदलने के लिए प्रेरित किया.
सफल स्टार्टअप की नींव क्या है?
कार्यक्रम की शुरुआत स्टार्टअप सेल के फैकल्टी इंचार्ज प्रो शादाब आजम सिद्दीकी के संबोधन से हुई. उन्होंने विद्यार्थियों को स्टार्टअप की मूल अवधारणा समझाते हुए पारंपरिक व्यवसाय और स्टार्टअप के बीच अंतर बताया.
उन्होंने कहा कि किसी सफल स्टार्टअप की नींव वास्तविक समस्या की पहचान और उसके नए एवं प्रभावी समाधान पर आधारित होती है. विद्यार्थियों को केवल नौकरी तलाशने के बजाय समस्या समाधान और नए विचारों के साथ आगे बढ़ने की सोच विकसित करनी चाहिए.
बिहार स्टार्टअप नीति 2022 की दी जानकारी
प्रो शादाब आजम सिद्दीकी ने बिहार स्टार्टअप नीति 2022 के तहत युवाओं को मिलने वाले विभिन्न सरकारी सहयोग की जानकारी दी. उन्होंने नवाचार को प्रोत्साहित करने वाली सरकारी पहलों और पेटेंट दाखिल करने में मिलने वाली सहायता के बारे में भी विद्यार्थियों को बताया.
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के पास नए विचार हैं तो उन्हें सही दिशा, तकनीकी सहयोग और उपलब्ध सरकारी सुविधाओं की मदद से आगे बढ़ाया जा सकता है.
IIT पटना के विशेषज्ञ ने समझायी इन्क्यूबेशन सेंटर की भूमिका
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आईआईटी पटना के इन्क्यूबेशन सेंटर के एग्जीक्यूटिव प्रदीप कुमार ने इन्क्यूबेशन केंद्रों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि इन्क्यूबेशन सेंटर युवाओं और नवाचारकर्ताओं को उनके विचार विकसित करने के लिए मार्गदर्शन, तकनीकी सहायता और जरूरी सहयोग उपलब्ध कराते हैं.
उन्होंने रक्षा, ड्रोन और जैव प्रौद्योगिकी समेत विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध योजनाओं और संभावनाओं की जानकारी भी दी. विद्यार्थियों को बताया गया कि तकनीकी शिक्षा के साथ यदि नवाचार की सोच विकसित की जाए तो कई नए अवसर तैयार हो सकते हैं.
युवाओं से अवसर तलाशने की अपील
जिला उद्योग केंद्र, सुपौल के महाप्रबंधक मनोज कुमार ने विद्यार्थियों को अपनी रुचि के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहते हुए लगातार नए अवसरों की तलाश करनी चाहिए और उपलब्ध सरकारी एवं संस्थागत सुविधाओं का लाभ उठाना चाहिए.
कार्यक्रम में शैक्षणिक अधिष्ठाता डॉ चंदन कुमार, प्रो गौरव कुमार, प्रो पम्मी कुमारी सहित कॉलेज के अन्य शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे. अतिथियों एवं वक्ताओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम के सफल संचालन में स्टार्टअप सेल के छात्र प्रतिनिधि रोहित राज कुमार, आयुष राज और सूरज झा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव कुमार झा
राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










