पढ़ाई करते-करते सो गयी बेटी, घर से पांच लाख के जेवरात समेत कपड़े और मोबाइल की चोरी

Author Vikash Kumar|Edited by Amit Kr Sinha
Updated:
विज्ञापन

बिखरा पड़ा सामान | Prabhat Khabar Network

Supaul Theft News : सुपौल में चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक बेटी के पढ़ाई के दौरान सो जाने पर चोरों ने करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, कीमती कपड़े और मोबाइल फोन उड़ा दिए. इस घटना के बाद पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है.

विज्ञापन

Supaul Theft News : सदर थाना क्षेत्र की वीणा पंचायत के वार्ड नंबर-01 स्थित बिंदी टोला में शनिवार की देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आयी है. चोरों ने सुधीर कुमार यादव के घर के एक कमरे को निशाना बनाकर करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, कीमती कपड़े और मोबाइल फोन चोरी कर लिए. घटना के बाद पीड़ित परिवार में अफरा-तफरी मच गयी, जबकि स्थानीय लोगों में भी बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर नाराजगी है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

पढ़ाई करते-करते सो गयी बेटी, कमरे में घुसे चोर

पीड़ित गृहस्वामी सुधीर कुमार यादव ने बताया कि उनकी बेटी करीब एक माह पहले ससुराल से परीक्षा देने के लिए मायके आयी हुई थीं. शनिवार की रात वह घर के एक कमरे में बैठकर पढ़ाई कर रही थीं. पढ़ाई के दौरान करीब एक बजे उनकी आंख लग गयी.

परिजनों के अनुसार, इसी दौरान चोर घर में प्रवेश कर उसी कमरे में रखे सामान को खंगालने लगे. परिवार के लोगों को भनक तक नहीं लगी और चोर जेवरात, कपड़े और मोबाइल लेकर फरार हो गये.

पांच लाख के जेवरात समेत कीमती सामान गायब

परिजनों ने बताया कि चोरी गये सामान में करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात शामिल हैं. इसके अलावा कीमती कपड़े और एक मोबाइल फोन भी चोर अपने साथ ले गये.

घटना की जानकारी होने के बाद घर में अफरा-तफरी मच गयी. परिवार के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया.

पुलिस ने शुरू की जांच, आसपास के लोगों से पूछताछ

पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच करने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की. सदर थाना पुलिस मामले की विभिन्न बिंदुओं से जांच कर रही है.

सदर थाना प्रभारी रामसेवक रावत ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना मिली है. पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है. मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

सूखे नशे को लेकर ग्रामीणों ने उठाये सवाल

चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ते सूखे नशे के चलन को लेकर भी चिंता जतायी. ग्रामीणों का आरोप है कि नशे की लत में पड़े कुछ युवक अपनी जरूरत पूरी करने के लिए चोरी और छिनतई जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं.

ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और नशे के कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि समय रहते अपराध और नशे के कारोबार पर अंकुश नहीं लगाया गया तो आने वाले दिनों में चोरी और छिनतई की घटनाएं बढ़ सकती हैं.


विज्ञापन
Vikash Kumar

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन