प्रतापगंज में तिरंगा यात्रा से गूंजा देशभक्ति का संदेश, अधिकारियों से लेकर जीविका दीदियों तक ने दिखाया जोश
प्रभात फेरी मे शामिल पदाधिकारीएव जनप्रतिनिधि. | Prabhat Khabar Network
प्रतापगंज प्रखंड परिसर से 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया. इस यात्रा में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने देशभक्ति के नारों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया. स्वतंत्रता दिवस के महत्व को दर्शाते हुए, सभी ने अपने घरों पर तिरंगा फहराने का संकल्प लिया.
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार, 12 अगस्त को प्रतापगंज प्रखंड कार्यालय परिसर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई. बीडीओ अमरेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में निकली यात्रा में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, जीविका दीदियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरे प्रखंड क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया.
हाथों में तिरंगा, जुबां पर भारत माता के जयकारे
तिरंगा यात्रा में सीओ विकास, बीसीओ सीतेश झा, सीडीपीओ प्रतिमा कुमारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी प्रियांशु राज, थानाध्यक्ष रौशन कुमार, एलईओ नितिन कुमार सहित कई पदाधिकारी शामिल हुए. पूर्व प्रखंड प्रमुख रमेश प्रसाद यादव, 20 सूत्री अध्यक्ष जयप्रकाश जया, उपाध्यक्ष संतोष कुमार, युवा उपाध्यक्ष ललित भगत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भी यात्रा में सहभागिता की.
यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से वातावरण गूंजता रहा. हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के उद्घोष ने स्वतंत्रता दिवस से पहले ही पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना दिया.
हर घर तिरंगा फहराने की अपील
बीडीओ अमरेश कुमार मिश्रा ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है. उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और अभियान को सफल बनाने की अपील की.
तिरंगा यात्रा के समापन पर सभी ने स्वतंत्रता दिवस को गरिमा और उत्साह के साथ मनाने तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया. आयोजन ने प्रखंड क्षेत्र में राष्ट्रप्रेम, एकता और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सरोज कुमार
सरोज कुमार प्रिंट माध्यम में 13 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. प्रतापगंज (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










