पोखर में नहाने गई 21 वर्षीय युवती की डूबने से मौत, घंटों मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने निकाला शव
परिजनों से बातचीत करती पुलिस | Prabhat Khabar Network
निर्मली प्रखंड क्षेत्र की बेलही पंचायत में एक दुखद घटना हुई, जहाँ 21 वर्षीय फातमा खातून की पोखर में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई. ग्रामीणों ने अथक प्रयास के बाद शव निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. इस घटना ने गहरे पोखरों में सुरक्षा की कमी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
निर्मली प्रखंड क्षेत्र की बेलही पंचायत के वार्ड संख्या-05 में बुधवार को पोखर में डूबने से 21 वर्षीय युवती की मौत हो गयी. मृतका की पहचान वार्ड संख्या-05 निवासी जाकिर हुसैन की पुत्री फातमा खातून के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में मातमी माहौल पसरा हुआ है.
नहाने के दौरान गहरे पानी में चली गयी युवती
स्थानीय लोगों के अनुसार, फातमा खातून बुधवार को घर के समीप स्थित पोखर में नहाने गयी थी. नहाने के दौरान अचानक वह गहरे पानी में चली गयी और डूबने लगी. युवती को डूबता देखकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई.
इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण पोखर के पास जुट गए और युवती की तलाश शुरू कर दी. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद फातमा को पोखर से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही नदी थाना की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है.
इधर, युवती की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी. अचानक हुई मौत से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी.
गहरे पोखरों में सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र के कई पोखरों में गहराई अधिक है और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं. ऐसे स्थानों पर नहाने के दौरान हादसे की आशंका बनी रहती है.
ग्रामीणों ने लोगों से गहरे पानी वाले पोखरों में सावधानी बरतने की अपील की. साथ ही बच्चों और युवाओं को अकेले नहाने से रोकने तथा ऐसे स्थानों पर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने की आवश्यकता जतायी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव कुमार झा
राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










