सुपौल इंजीनियरिंग कॉलेज में "इंडस्ट्री-इंस्टिट्यूट मीट 2025 " का भव्य आयोजन, 60 से अधिक कंपनियों ने लिया भाग

सुपौल इंजीनियरिंग कॉलेज में इंडस्ट्री-इंस्टिट्यूट मीट 2025 का आयोजन शुक्रवार को सफलता पूर्वक संपन्न हुआ.
सुपौल. सुपौल इंजीनियरिंग कॉलेज में इंडस्ट्री-इंस्टिट्यूट मीट 2025 का आयोजन शुक्रवार को सफलता पूर्वक संपन्न हुआ. कार्यक्रम का उद्देश्य तकनीकी शिक्षा और उद्योगों के बीच सहयोग को सुदृढ़ करना, छात्रों को उद्योग की आवश्यकताओं से परिचित कराना व उन्हें बेहतर प्लेसमेंट व प्रशिक्षुता के अवसर प्रदान करना था. इस आयोजन में कोशी प्रमंडल के सहरसा इंजीनियरिंग कॉलेज, बीपी मंडल इंजीनियरिंग कॉलेज मधेपुरा, गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक राघोपुर, सहरसा और मधेपुरा के प्रतिनिधियों ने भाग लिया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीएन मंडल विश्वविद्यालय मधेपुरा के कुलपति प्रो बीएस झा रहे. इनके साथ सहरसा इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य प्रो आरसी प्रसाद, परियोजना निदेशक डॉ अनंत कुमार, एनआईइएलआईटी के कार्यकारी निदेशक प्रो एनके पुरी, पावरग्रिड के डीजीएम अमित कुमार, तथा बीएमडब्ल्यू फाइन इंवेस्टमेंट प्रा लि के निदेशक संदीप मोहनका विशेष रूप से उपस्थित रहे. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसका उद्घाटन सुपौल इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ एएन मिश्रा व मुख्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया. इसके बाद छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत व बिहार गीत ने वातावरण को भावनात्मक और प्रेरणादायक बना दिया. प्राचार्य डॉ एएन मिश्रा ने कहा कि यह मीट शिक्षण संस्थानों और औद्योगिक जगत के बीच एक प्रभावी संवाद का मंच है, जो छात्रों को न केवल बेहतर इंटर्नशिप और प्लेसमेंट के अवसर प्रदान करेगा, बल्कि पाठ्यक्रमों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप ढालने में भी सहायक होगा. मुख्य वक्ताओं ने बिहार की ऐतिहासिक समृद्धि और तकनीकी नवाचारों पर प्रकाश डालते हुए छात्रों से नवाचार, स्टार्टअप और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया. एनआईइएलआईटी के कार्यकारी निदेशक प्रो पुरी ने कहा, हमें नौकरी ढूंढने वाला नहीं, नौकरी देने वाला बनना है. इस संवाद में 60 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया, जिनमें पावरग्रिड, एलएंडटी, एनबीपीडीसीएल, सुधा, ज़ोकार, इकोस्पेस, पीजीसीएल, एसीसी और मुजफ्फरपुर बायोफ्यूल जैसे प्रमुख नाम शामिल थे. कई कंपनियों ने कॉलेज के साथ समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए, जो भविष्य में छात्रों को औद्योगिक प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करेगा. समारोह के अंत में अतिथियों को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम को सफल बनाने में कॉलेज के शिक्षकों, टीपीओ अधिकारियों डॉ चंदन कुमार, कमल राज प्रवीण और विवेक कुमार सहित समस्त टीम की अहम भूमिका रही. इंडस्ट्री-इंस्टिट्यूट मीट 2025 ने तकनीकी शिक्षा और उद्योगों के बीच सेतु का कार्य करते हुए छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम उठाया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




