अगलगी में चार दुकानें व दो मंजिला मकान जलकर राख, 35 लाख का नुकसान

Updated:
विज्ञापन

अगलगी में चार दुकानें व दो मंजिला मकान जलकर राख, 35 लाख का नुकसान

विज्ञापन

गैस सिलेंडरों के ब्लास्ट से इलाके में दहशत, 29 जनवरी को घर में थी शादी, सारा सामान हुआ खाक

पिपरा. नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 11 स्थित त्रिवेणीगंज रोड में बुधवार की देर रात आग ने ऐसा तांडव मचाया कि देखते ही देखते लाखों की संपत्ति राख के ढेर में तब्दील हो गयी. इस भीषण अगलगी में चार दुकानें व एक दो मंजिला आवासीय मकान पूरी तरह जल गया है. प्राथमिक अनुमान के अनुसार, इस घटना में करीब 35 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

सिलेंडर ब्लास्ट से सहम गए लोग

स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात अचानक एक दुकान से आग की लपटें उठनी शुरू हुईं. जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. आग की तपिश के कारण दुकानों में रखे गैस सिलेंडर एक-एक कर फटने लगे, जिससे हुए धमाकों ने पूरे इलाके में दहशत पैदा कर दी. सिलेंडर ब्लास्ट के डर से लोग आग बुझाने के लिए पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे. सूचना मिलने पर सुपौल व त्रिवेणीगंज से पहुंची दमकल की गाड़ियों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

शादी की खुशियां मातम में बदलीं

अग्निकांड में एक मिठाई दुकान, जेनरल स्टोर, दंत चिकित्सक का क्लिनिक और चिकन शॉप पूरी तरह जल गए हैं. आग की चपेट में आने से रामचरित्र साह के दो मंजिला मकान की ऊपरी मंजिल भी राख हो गई. बताया जा रहा है कि उनके छोटे बेटे की शादी आगामी 29 जनवरी को होने वाली थी. घर में शादी के लिए खरीदे गए लाखों के गहने, कपड़े और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

फायर ब्रिगेड की देरी पर फूटा आक्रोश

घटनास्थल पर दमकल की गाड़ियों के देरी से पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई. लोगों का आरोप है कि पिपरा थाना से मिनी फायर ब्रिगेड की गाड़ी हटाए जाने के कारण नुकसान अधिक हुआ. साथ ही पीएचईडी परिसर में पानी की सुविधा न होने के कारण दमकल की गाड़ी को दोबारा पानी भरने के लिए त्रिवेणीगंज जाना पड़ा.

अधिकारियों ने लिया जायजा

घटना की सूचना पाकर सुबह पिपरा अंचलाधिकारी उमा कुमारी और नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह मन्नू घटनास्थल पर पहुंचे. अंचलाधिकारी ने राजस्व कर्मचारी दिलीप रजक को नुकसान का विस्तृत आकलन करने का निर्देश दिया और पीड़ित परिवारों को सरकारी प्रावधान के तहत तत्काल सहायता दिलाने का भरोसा दिया. नगर पंचायत अध्यक्ष ने भी पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
RAJEEV KUMAR JHA

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन