मक्का किसानों ने पक्की सड़कों को बनाया खलिहान, यातायात अवरूद्ध

Updated:
विज्ञापन
मक्का किसानों ने पक्की सड़कों को बनाया खलिहान, यातायात अवरूद्ध

वाहनों चालकों को हमेशा बनी रहती है हादसे की आशंका

विज्ञापन

– वाहनों चालकों को हमेशा बनी रहती है हादसे की आशंका छातापुर. एसएच 91 सहित प्रखंड क्षेत्र की अधिकांश पक्की सड़कों पर इनदिनों मक्का किसानों का कब्जा देखा जा रहा है. वाहनों की आवाजाही के लिए बने मुख्य मार्गों पर मकई सुखाने के लिए किसानों के बीच प्रतिस्पर्धा चल रही है. नतीजा है कि परिचालित वाहनों का किसी भी वक्त हादसे का शिकार होने की संभावना प्रबल है. सड़क की कौन कहे नदी व नालों पर बने छोटे बडे़ पुलों पर भी किसान मकई सुखाने से बाज नहीं आ रहे हैं. इतना कुछ दिखने के बावजूद प्रशासन व पुलिस गैरजिम्मेदार बनी हुई है. इन राहों से गुजरने वाले अधिकारी या पदाधिकारी इसके प्रति गंभीरता नहीं दिखा रहे और ना ही आमलोगों के जानमाल के नुकसान होने की उन्हें चिंता है. लोगों की मानें तो प्रशासन व पुलिस की बेपरवाही के कारण मक्का किसानों ने पक्की सड़कों को खलिहान बना दिया है. सबसे खराब स्थिति एसएच 91 की है. जहां मकई सुखाने के नाम पर किसानों ने हाईवे में जगह-जगह एक लेन को अवरुद्ध कर दिया है. हाइवे पर फर्राटे भर रही तेज रफ्तार वाहन बडे़ हादसे का शिकार हो सकते हैं. ओवरटेक करने या आमने-सामने से पार करते समय जगह के अभाव में वाहनों के बीच भीषण टक्कर हो सकती है. कोई भी छोटे-बडे वाहनों के चालक सड़क पर पसरे मकई से होकर गुजरने का दुस्साहस नहीं कर सकते. सड़क पर पसारे गये मकई से होकर गुजरने पर वाहनों के असंतुलित होने व दुर्घटनाग्रस्त होना तय है. खासकर सड़क मार्ग से गुजर रहे बाइक चालक सबसे ज्यादा भयभीत रहते हैं. हाइवे पर गिर कर महिला जख्मी गुरुवार की रात एसएच 91 पर युवक चौक डहरिया के समीप मकई के कारण बाइक फिसल गई. हादसे में बाइक पर सवार महिला हाइवे पर गिरकर जख्मी हो गई. जख्मी महिला मधुबनी पंचायत वार्ड संख्या सात निवासी आलोक झा की पत्नी है. सीएचसी में उपचार के बाद उसे रेफर किया गया है. प्रखंड क्षेत्र में इसके अलावे भी कई हादसे हो चुके हैं. छातापुर-चुन्नी-सोहटा पथ, छातापुर-प्रतापगंज पथ, महद्दीपुर-सोहटा पथ सहित कई प्रमुख सड़कों में भी कमोबेश यही स्थिति है. कहते हैं अंचलाधिकारी सीओ राकेश ने बताया कि मामला संज्ञान में है और कई किसानों को रोका टोका भी गया है. अंकुश लगाने के लिए छातापुर व भीमपुर थाना पुलिस के साथ मुहिम चलाकर ऐसे किसानों को पहले चेतावनी देंगे. नहीं मानने पर नोटिस भेजकर उसके विरुद्ध यथोचित कार्रवाई की जाएगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
राजीव कुमार झा

लेखक के बारे में

By राजीव कुमार झा

राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन