रोटरी क्लब ने चकला निर्मली विद्यालय को दी पुस्तकें और अलमारी, मेधावी छात्रों को मिलेगा ओलंपियाड सहयोग

शिक्षक को पुस्तक देते अध्यक्ष | Prabhat Khabar Network
रोटरी क्लब सुपौल ने बबूजन आदर्श मध्य विद्यालय में पुस्तकालय सुदृढ़ीकरण कार्यक्रम आयोजित किया. विद्यालय को नई पुस्तकें और अलमारी मिलीं, जिससे छात्र-छात्राओं में उत्साह है. क्लब ने मेधावी छात्रों के लिए ओलंपियाड सहयोग की भी घोषणा की है.
शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को रोटरी क्लब सुपौल ने बबूजन आदर्श मध्य विद्यालय, चकला निर्मली में पुस्तकालय सुदृढ़ीकरण कार्यक्रम आयोजित किया. इस दौरान विद्यालय को पुस्तकें और अलमारी उपलब्ध कराई गई, जिससे छात्र-छात्राओं में उत्साह का माहौल देखा गया.
पूर्व छात्र होने के नाते विद्यालय से जुड़ाव
कार्यक्रम में रोटरी क्लब सुपौल के अध्यक्ष राघवेंद्र झा ने कहा कि यह अवसर उनके लिए बेहद भावुक और गौरवपूर्ण है, क्योंकि वर्ष 1974 से 1976 तक उन्होंने इसी विद्यालय में शिक्षा प्राप्त की थी. उन्होंने अपने छात्र जीवन की यादें साझा करते हुए कहा कि इस विद्यालय से उनका विशेष लगाव है और भविष्य में भी इसके पुस्तकालय के विकास में हरसंभव सहयोग करते रहेंगे.
वाटर प्यूरीफायर और ओलंपियाड सहयोग की घोषणा
राघवेंद्र झा ने घोषणा की कि वह अपने निजी खर्च से विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने हेतु एक वाटर प्यूरीफायर भेंट करेंगे. इसके अलावा विद्यालय के 10 मेधावी विद्यार्थियों के राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड में भाग लेने के लिए पंजीयन शुल्क का वहन भी रोटरी क्लब सुपौल करेगा.
विद्यार्थियों को किया प्रेरित
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राघवेंद्र झा ने कहा कि छात्र ही देश का भविष्य हैं. उन्होंने बच्चों से मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने तथा समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया.
कई लोगों का रहा सहयोग
रोटरी क्लब सुपौल के सचिव रवि जैन ने अपने सौजन्य से विद्यालय को अलमारी उपलब्ध कराई. इस सामाजिक पहल में क्लब के सदस्य प्रिंस राज और अमित आनंद का भी सहयोग रहा. कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, वार्ड पार्षद मनमन सिंह तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव कुमार झा
राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










