मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला के गले से चेन छीनकर बदमाश फरार

चेन छीनने वाला युवक तुरंत बाइक पर सवार हुआ और दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए
सुपौल. शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं. सदर थाना क्षेत्र के नगर परिषद वार्ड नंबर 11 में शनिवार की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली एक बुजुर्ग महिला से बदमाशों ने चेन छीनकर फरार हो गए. जानकारी के अनुसार, मीणा देवी सुबह करीब साढ़े पांच बजे रोज की तरह टहलने के लिए घर से निकली थी. मॉर्निंग वॉक कर जब वह अपने घर के पास पहुंचने ही वाली थी, तभी एक गली में अचानक एक युवक उनके पास आया और झपट्टा मारकर उनके गले से चेन छीन ली. इससे पहले कि वह कुछ समझ पाती, दूसरा युवक बाइक लेकर वहां पहुंच गया. चेन छीनने वाला युवक तुरंत बाइक पर सवार हुआ और दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए. घटना के दौरान झपट्टा मारने से मीणा देवी के गर्दन में सूजन आ गई है, जिससे वह काफी सहमी हुई हैं. घटना के बाद से उनके परिवार में भी डर और दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों के अनुसार पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे अपराधियों की पहचान में मदद मिल सकती है. सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




