मंडल कारा के कैदी जेल में मनायेंगे पर्व

Updated at :13 Jan 2017 5:43 AM
विज्ञापन
मंडल कारा के कैदी जेल में मनायेंगे पर्व

उत्साह. मकर संक्रांति को ले सजा बाजार जिला मुख्यालय स्थित मंडल कारा में बंद कैदी भी मकर संक्रांति का पर्व मना सकेंगे. इसके लिए कारागार में तैयारी शुरू कर दी गयी है. पर्व के मद्देनजर चूड़ा, दही, गुड़, तिलकुट और लाई का प्रबंध किया जा रहा है. सुपौल : मकर संक्रांति का पर्व जिले में […]

विज्ञापन

उत्साह. मकर संक्रांति को ले सजा बाजार

जिला मुख्यालय स्थित मंडल कारा में बंद कैदी भी मकर संक्रांति का पर्व मना सकेंगे. इसके लिए कारागार में तैयारी शुरू कर दी गयी है. पर्व के मद्देनजर चूड़ा, दही, गुड़, तिलकुट और लाई का प्रबंध किया जा रहा है.
सुपौल : मकर संक्रांति का पर्व जिले में शनिवार को परंपरागत तौर पर मनाया जायेगा. इसके लिए तिलकुट का बाजार भी पूरी तरह सज कर तैयार है. लेकिन इस बार विशेष यह है कि जिला मुख्यालय स्थित मंडल कारा में बंद कैदी भी मकर संक्रांति का पर्व मना सकेंगे. इसके लिए कारागार में तैयारी आरंभ कर दी गयी है.
पर्व के मद्देनजर चूड़ा, दही, गुड़, तिलकुट और लाई का प्रबंध किया जा रहा है. इसके अलावा खिचड़ी प्रेमियों के लिए पर्व के मद्देनजर विशेष प्रबंध हो रहा है. जेल प्रशासन की इस पहल के कारण कारा में बंद कैदी भी मकर संक्रांति का पर्व मना सकेंगे. हालांकि सामान्य लोगों और कैदियों में फर्क इस बात का होगा कि आम लोग जेल के बाहर अपने पूरे परिवार के साथ पर्व का आनंद लेंगे. जबकि कैदियों को कारा के अंदर अपने साथियों के साथ ही पर्व मनाना होगा. बावजूद जेल प्रशासन की इस पहल को सकारात्मक पहल के तौर पर देखा जा रहा है. उम्मीद लगायी जा रही है कि इस प्रकार के आयोजनों से कारा के कैदियों की मानसिक स्थिति (मनोवृत्ति) में भी सुधार आयेगा.
पर्व पर उपलब्ध होंगे कई व्यंजन
मकर संक्रांति के मौके पर कोसी के क्षेत्र में मूल रूप से दही-चूड़ा व तिलकुट ग्रहण करने की पुरानी परंपरा रही है. हालांकि हाल के वर्षों में खिचड़ी भोजन का चलन भी क्षेत्र में आया है. यही कारण है कि जेल प्रशासन ने कैदियों के लिए दोनों विकल्प तैयार रखे हैं. खिचड़ी ग्रहण करने वाले कैदियों को साथ में चोखा और पापड़ भी उपलब्ध होगा. जबकि दही-चूड़ा के साथ कैदियों को गुड़, चीनी, तिलकुट और लाई भी उपलब्ध कराया जायेगा. इसके लिए बजाप्ता सामग्री की खरीद भी आरंभ कर दी गयी है. जेल अधिकारियों के अनुसार इसके लिए आदेश निर्गत कर दिया गया है और शुक्रवार को सभी सामान की खरीद कर ली जायेगी.
सामाजिक सरोकार का पढ़ाया जायेगा पाठ
मकर संक्रांति का पर्व मंडल कारा में बंद कैदियों के लिए इसलिए भी खास होगा कि पर्व के इस मौके पर उन्हें जेल प्रशासन द्वारा सामाजिक सरोकार का पाठ भी पढ़ाया जायेगा. इसके तहत शराबबंदी और स्वच्छता अभियान सहित अन्य योजनाओं से भी उन्हें अवगत कराया जायेगा. साथ ही अपराध की राह छोड़ कर कैदियों से सामाजिकता से जुड़ने की अपील होगी. मौके पर सभी धर्मों के कैदियों के साथ एकरूपता का व्यवहार होगा. मकर संक्रांति के इस मौके पर उपवास का भी विधान है. ऐसे में कारा प्रशासन उपवास रखने वाले कैदियों की जरूरतों का भी ख्याल रख रहा है. ऐसे कैदियों के लिए फल की व्यवस्था की जा रही है.
मकर संक्रांति के मौके पर कैदियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गयी है. इसके तहत आवश्यक सामग्री की खरीद की जा रही है. कारा के सभी कैदियों के लिए पर्व के अनुरूप भोजन की विशेष व्यवस्था होगी.
सुरेश चौधरी, अधीक्षक, मंडल कारा, सुपौल
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन