अतिक्रमण के कारण ही रोज लगता है जाम

Updated at :01 Oct 2016 7:13 AM
विज्ञापन
अतिक्रमण के कारण ही रोज लगता है जाम

शहर में सड़क किनारे अतिक्रमणकारियों का कब्जा कायम है. प्रतिदिन शहर में आमलोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है. सहरसा : शहर में रोज-रोज लगनेवाली जाम के मामले को लेकर नगर परिषद व जिला प्रशासन गंभीर नहीं है. सड़क का अतिक्रमण किये जाने की वजह से पहले से संकरी सड़क और भी […]

विज्ञापन
शहर में सड़क किनारे अतिक्रमणकारियों का कब्जा कायम है. प्रतिदिन शहर में आमलोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है.
सहरसा : शहर में रोज-रोज लगनेवाली जाम के मामले को लेकर नगर परिषद व जिला प्रशासन गंभीर नहीं है. सड़क का अतिक्रमण किये जाने की वजह से पहले से संकरी सड़क और भी संकरी होकर रह गयी है. उस पर इन दिनों सड़कों पर जमा बारिश का पानी, हालत यह हो गयी कि दोनों ओर से चार चक्का वाहन के गुजरने से वाहनों को निकलने में परेशानी होती है. यह स्थिति किसी एक सड़क की नहीं है बल्कि पूरे शहर की कमोवेश ऐसी ही स्थिति हो गयी है. जिन स्थानों पर सड़क चौड़ी है, वहां भी सड़क संकरी होकर रह गयी है.
दरअसल इन दिनों एक चलन हो गया है कि दुकान में कितनी भी जगह क्यों नहीं हो, दुकानें सड़क पर ही सजती है. यह स्थिति फुटपाथ दुकानदारों की नहीं हो रही है. बल्कि बड़े-बड़े दुकानदार, व्यवसायी, एजेंसी की हो रही है. वे भी सड़क पर ही समान को रख कर ग्राहकों को आर्कषित करने का काम कर रहे हैं. इसके बाद सड़क पर जो जगह बचती है. उसमें चार पहिया, दो पहिया वाहनों को दोनों ओर खड़ी कर दी जाती है. ऐसे में वाहनों के गुजरने के बाद जाम की समस्या उत्पन्न होना लाजिमी है. वर्तमान में शहर के कई प्रमुख मार्गो पर जलजमाव की वजह से ट्रैफिक का अधिकांश लोड डीबी रोड व पूरब बाजार की सड़कों पर है. रोजाना घंटों लोग सड़क जाम में छटपटाते रहते हैं.
डीबी रोड शहर का सबसे व्यस्तम बाजार है. यहां से चार दिशा में सड़क जाती है. इसी चौक से होकर शहर के किसी भी कोने में जाया जा सकता है. इतने व्यस्तम बाजार की हालत यह है कि यहां खुलेआम सड़क पर दुकान लगाकर बेचा जाता है. इसके अलावा स्थायी रूप से कई दुकानें सजती है.
शाम में तो ठेला पर विभिन्न तरह के नास्ते, कुल्फी सहित अन्य सामानों की दुकानें रोज सजती है. ये सभी दुकान वहां सजती है, जहां ट्रैफिक पुलिस के जवान सुबह 10 से देर शाम तक ड्यूटी बजाते हैं. स्थानीय लोग दबी जुबान में बताते हैं कि जितनी भी दुकानें डीबी रोड में सजती है, सब ट्रैफिक पुलिस की मिलीभगत से सज रही है. निकट में सदर थाना है, लेकिन थाना पुलिस भी इस मामले में चुप्पी साधे हैं. इसकी वजह से हर 10 मिनट पर जाम की समस्या यहां उत्पन्न होना आम बात है.
शहर के शंकर चौक व दहलान चौक का आलम यह है कि खुलेआम बीच सड़क पर दुकान सजती है. यहां दर्जन भर से अधिक दुकान इसी तरह से संचालित हो रही है. इसे हटाने की दिशा में कभी कोई सार्थक प्रयास नहीं किया जाता है. इसकी वजह से रोज जाम की समस्या से लोग परेशान होते हैं. इस चौराहे पर भी चार दिशा में सड़क जाती है.
रेलवे स्टेशन जाने का भी यहां से रास्ता है. इसकी वजह से लोगों का आना जाना लगा रहता है. इसके साथ ही एक तरफा रास्ता होने के कारण गांधी पथ, महावीर चौक, दुर्गास्थान, गांधी चौक आदि स्थानों पर इसी होकर आना जाना करते हैं. इस चौक पर भी ट्रैफिक पुलिस तैनात है. चौक के दोनों ओर अवैध तरीके से दुकान सज रही है लेकिन हटाने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं होती है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन