मिड-डे मील खाने के बाद 100 से अधिक बच्चों की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में कराया गया भर्ती

Updated:
विज्ञापन
अस्पताल में इलाजरत छात्र | Prabhat Khabar Network

अस्पताल में इलाजरत छात्र | Prabhat Khabar Network

त्रिवेणीगंज के मध्य विद्यालय मिर्जवा में मध्याह्न भोजन खाने के बाद 100 से अधिक छात्र-छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। पेट दर्द, उल्टी और चक्कर की शिकायत के बाद सभी बच्चों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया।

विज्ञापन

Mid-Day Meal Incident: त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के मिर्जवा वार्ड संख्या-10 स्थित मध्य विद्यालय मिर्जवा में बुधवार को मध्याह्न भोजन खाने के बाद 100 से अधिक छात्र-छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई. सूचना मिलते ही विद्यालय प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग और अभिभावकों को जानकारी दी. सभी बच्चों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, त्रिवेणीगंज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है.

पेट दर्द, उल्टी और चक्कर की शिकायत

मिड-डे मील खाने के कुछ देर बाद बच्चों ने पेट दर्द, उल्टी, जी मिचलाना और चक्कर आने की शिकायत की. देखते ही देखते बड़ी संख्या में बच्चे बीमार पड़ गए, जिससे विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई. शिक्षकों ने तत्काल बच्चों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की.

अस्पताल में जुटे अभिभावक, मची अफरा-तफरी

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक अनुमंडलीय अस्पताल पहुंच गए. बच्चों की हालत देखकर परिजनों में चिंता और आक्रोश देखा गया. अभिभावकों ने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच नहीं होने का आरोप लगाया.

अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रमानंद प्रसाद, बीपीआरओ सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनीष कुमार मीनू तथा थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया और बच्चों के समुचित उपचार के निर्देश दिये.

मिड-डे मील के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे

बीपीआरओ सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनीष कुमार मीनू ने बताया कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजीव वर्मा अवकाश पर हैं और उनके स्थान पर अशोक पासवान प्रभार में कार्यरत थे. उन्होंने बताया कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं. मध्याह्न भोजन के नमूनों को सुरक्षित रखकर जांच के लिए भेजा जा रहा है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चों की तबीयत बिगड़ने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.

अधिकांश बच्चों की हालत खतरे से बाहर

Mid-Day Meal Incident: स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सभी बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी है. चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी कर रही है और अधिकांश बच्चों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.

और पढ़ें: वीरपुर अस्पताल में डॉक्टरों की हड़ताल खत्म, एसडीएम की पहल पर फिर शुरू हुई ओपीडी सेवा


विज्ञापन
राजीव कुमार झा

लेखक के बारे में

By राजीव कुमार झा

राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन