वीरपुर अस्पताल में डॉक्टरों की हड़ताल खत्म, एसडीएम की पहल पर फिर शुरू हुई ओपीडी सेवा
एसडीएम के साथ चिकित्सक | Prabhat Khabar Network
सपौल जिले के वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में डॉक्टरों की हड़ताल से ओपीडी सेवा प्रभावित हुई. एसडीएम विनय कुमार के हस्तक्षेप के बाद सेवाएँ बहाल की गईं, जिससे मरीजों को राहत मिली.
Doctors Strike in Supaul: सुपौल जिले के वीरपुर स्थित ललित नारायण अनुमंडलीय अस्पताल में बुधवार को चिकित्सकों की हड़ताल के कारण ओपीडी सेवा पूरी तरह प्रभावित रही. अरवल में डॉक्टरों के साथ हुई हिंसक घटना के विरोध में बिहार के चिकित्सकों द्वारा ओपीडी बहिष्कार के आह्वान का असर यहां भी देखने को मिला. हालांकि अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार की पहल के बाद चिकित्सकों ने दोबारा ओपीडी सेवा शुरू कर दी.
आपके शहर में
ओपीडी बंद रहने से मरीजों को हुई परेशानी
ओपीडी सेवा बंद रहने के कारण दूर-दराज़ से इलाज कराने पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को घंटों अस्पताल परिसर में इंतजार करना पड़ा. अस्पताल में लंबी कतारें लग गईं और मरीजों में असमंजस की स्थिति बनी रही.
एसडीएम ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा
मरीजों की परेशानी की सूचना मिलने पर वीरपुर के नवपदस्थापित अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार तत्काल अस्पताल पहुंचे. उन्होंने अस्पताल की व्यवस्था का निरीक्षण किया और मरीजों व उनके परिजनों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं. साथ ही चिकित्सकों से भी संवाद स्थापित किया.
चिकित्सकों की सुरक्षा और मरीजों दोनों पर दिया जोर
Doctors Strike in Supaul: निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने चिकित्सक डॉ. रहमान से बातचीत करते हुए कहा कि डॉक्टरों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा उनके साथ किसी भी प्रकार की हिंसा अस्वीकार्य है. उन्होंने यह भी कहा कि गंभीर मरीजों की चिकित्सा भी बाधित नहीं होनी चाहिए और दोनों पक्षों के हित में सकारात्मक समाधान जरूरी है.
सिविल सर्जन से बातचीत के बाद बहाल हुई सेवा
Doctors Strike in Supaul: एसडीएम ने सुपौल के सिविल सर्जन से दूरभाष पर संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी और मरीजों के हित में शीघ्र समाधान का आग्रह किया. इसके बाद चिकित्सकों ने ओपीडी सेवा दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया. सेवा बहाल होते ही अस्पताल में मौजूद मरीजों ने राहत की सांस ली और इलाज शुरू हो गया.
'थैंक यू डॉक्टर' कहकर जताया आभार
ओपीडी सेवा शुरू होने के बाद अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार ने चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए मुस्कुराकर कहा, "थैंक यू डॉक्टर." उनकी इस पहल और चिकित्सकों के सकारात्मक निर्णय की अस्पताल में मौजूद लोगों ने सराहना की. इससे अस्पताल का माहौल सामान्य हो गया और मरीजों को समय पर उपचार मिल सका.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए