गर्मी छुट्टियों में दानापुर से पुणे और मुंबई जाना हुआ आसान, रेलवे ने शुरू की समर स्पेशल ट्रेनें
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 07 Apr 2026 10:40 AM
हावड़ा-रक्सौल स्पेशल ट्रेन की सांकेतिक तस्वीर
Summer Special Trains: समर वेकेशन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए रेलवे ने खास तैयारी की है. दानापुर से पुणे और मुंबई, साथ ही समस्तीपुर से मुंबई के लिए समर स्पेशल ट्रेन शुरू किया जा रहा है. इससे बिहार के हजारों यात्रियों को कन्फर्म टिकट और आरामदायक सफर में बड़ी राहत मिलेगी.
Summer Special Trains: गर्मी की छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे (ECR) ने दानापुर और समस्तीपुर से महाराष्ट्र के प्रमुख शहरों के लिए ‘समर स्पेशल’ ट्रेनों के चलाने का ऐलान किया है.
रेलवे ने दानापुर से पुणे और मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनल) के लिए प्रतिदिन विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है, जो जुलाई के मध्य तक सेवा में रहेंगी.
दानापुर से पुणे और मुंबई के लिए अब ‘डेली’ सर्विस
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र के अनुसार, यात्रियों की अतिरिक्त सुविधा के लिए पुणे-दानापुर स्पेशल (ट्रेन संख्या 01449) 15 जुलाई तक प्रतिदिन पुणे से दोपहर 3:30 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन तड़के दानापुर पहुंचेगी. दानापुर से हडपसर (पुणे) के लिए स्पेशल ट्रेन (01450) 17 जुलाई तक रोजाना सुबह 5:00 बजे खुलेगी.
इसी तरह, मुंबई जाने वालों के लिए लोकमान्य तिलक टर्मिनल से दानापुर के बीच (ट्रेन संख्या 01143/01144) भी प्रतिदिन विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं. दानापुर से यह ट्रेन रात 9:30 बजे रवाना होगी, जिससे कामकाजी लोगों को काफी सुविधा मिलेगी.
समस्तीपुर के यात्रियों को भी मिला मुंबई का तोहफा
सिर्फ पटना या दानापुर ही नहीं, बल्कि समस्तीपुर और उत्तर बिहार के यात्रियों के लिए भी राहत भरी खबर है. लोकमान्य तिलक-समस्तीपुर स्पेशल (ट्रेन संख्या 01043) 21 अप्रैल से 14 जुलाई तक प्रत्येक मंगलवार को मुंबई से रवाना होगी.
वापसी में समस्तीपुर-लोकमान्य तिलक स्पेशल (01044) 23 अप्रैल से 16 जुलाई तक हर गुरुवार को सुबह 3:00 बजे समस्तीपुर से खुलेगी. साप्ताहिक होने के बावजूद इस ट्रेन से मिथिलांचल और आसपास के जिलों के यात्रियों को मुंबई पहुंचने में काफी सहूलियत होगी.
समय रहते करें बुकिंग
ये ट्रेनें सीमित अवधि के लिए हैं, इसलिए रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे आईआरसीटीसी (IRCTC) की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए जल्द से जल्द अपनी सीट आरक्षित कर लें.
इन स्पेशल ट्रेनों के चलने से न केवल नियमित ट्रेनों पर दबाव कम होगा, बल्कि बिहार के उन प्रवासियों को भी घर आने-जाने में आसानी होगी जो मुंबई और पुणे जैसे महानगरों में नौकरी या पढ़ाई करते हैं. इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से खासकर प्रवासी मजदूरों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. गर्मी के सीजन में टिकट की मारामारी के बीच यह फैसला यात्रियों के लिए बेहद राहतभरा साबित होगा.
Also Read: डिप्टी सीएम विजय सिन्हा आज DCLR के साथ करेंगे बैठक, इन मुद्दों पर होगी चर्चा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










