सदर अस्पताल में चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति का सख्ती से पालन कराने का निर्देश, सीएस ने जारी किया आदेश

Updated:
विज्ञापन
मॉडल सदर अस्पताल

मॉडल सदर अस्पताल

Siwan News : सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने सदर अस्पताल में प्रतिनियुक्त चिकित्सकों के नियमित कार्य न करने पर सख्त रुख अपनाया है. मरीजों के बेहतर इलाज के लिए साप्ताहिक रोस्टर जारी किया गया है, जिसका कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया गया है.

विज्ञापन

Siwan News : सदर अस्पताल में चिकित्सकीय सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए जारी प्रतिनियुक्ति आदेश का पालन नहीं होने पर सिविल सर्जन-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने संबंधित अस्पतालों के प्रभारियों को कड़ा निर्देश जारी किया है. उन्होंने कहा कि 30 जून 2026 को जारी आदेश के बावजूद प्रतिनियुक्त चिकित्सक नियमित रूप से सदर अस्पताल में कार्य नहीं कर रहे हैं, जिससे मरीजों के इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में बाधा उत्पन्न हो रही है.

प्रतिनियुक्त चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश

25 जुलाई को जारी पत्र में अनुमंडलीय अस्पताल महाराजगंज के उपाधीक्षक तथा सिसवन, बड़हरिया और महाराजगंज के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जिन चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति सदर अस्पताल में की गई है, उन्हें निर्धारित कार्य दिवसों पर अनिवार्य रूप से सदर अस्पताल भेजना सुनिश्चित करें. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है.

जारी किया गया साप्ताहिक रोस्टर

सिविल सर्जन द्वारा जारी रोस्टर के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवन के डॉ. नवनीत कुमार प्रत्येक सोमवार एवं मंगलवार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हरिया के डॉ. राजीव कुमार प्रत्येक बुधवार एवं गुरुवार, अनुमंडलीय अस्पताल महाराजगंज के डॉ. केशव आनंद प्रत्येक शुक्रवार एवं शनिवार तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीवान के डॉ. विष्णु कुमार प्रत्येक रविवार को सदर अस्पताल में अपनी सेवाएं देंगे.

मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता देने पर जोर

सिविल सर्जन ने स्पष्ट किया है कि सभी संबंधित प्रभारी यह सुनिश्चित करें कि प्रतिनियुक्त चिकित्सक निर्धारित रोस्टर के अनुसार सदर अस्पताल में उपस्थित होकर आवंटित कार्यों का निष्पादन करें. उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और आदेश की अवहेलना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी.

संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई आदेश की प्रति

इस आदेश की प्रतिलिपि सदर अस्पताल के अधीक्षक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक तथा जिला पदाधिकारी को भी आवश्यक कार्रवाई एवं जानकारी के लिए भेजी गई है. स्वास्थ्य विभाग ने उम्मीद जताई है कि आदेश के प्रभावी क्रियान्वयन से सदर अस्पताल की चिकित्सा सेवाएं और अधिक सुचारु होंगी.

Also Read : सीवान फायरिंग मामले पर डीएम का बयान, 'स्वचालित हथियार से गोली लगने की पुष्टि नहीं', वायरल वीडियो के बाद सिपाही निलंबित



विज्ञापन
अमरनाथ शर्मा

लेखक के बारे में

By अमरनाथ शर्मा

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन