सीवान सदर अस्पताल समेत सभी सरकारी अस्पतालों में बढ़ेगी सुरक्षा, तीनों शिफ्ट में तैनात रहेंगे वर्दीधारी गार्ड

सदर अस्पताल की तस्वीर
Siwan News : सीवान सदर अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए तीनों शिफ्ट में वर्दीधारी गार्डों की तैनाती की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने दिए निर्देश।
Siwan News : राज्य सरकार ने नई रेफरल व्यवस्था लागू होने के बाद जिला और सदर अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने का निर्णय लिया है. इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने सभी सिविल सर्जन-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने तथा तीनों शिफ्ट में पर्याप्त संख्या में वर्दीधारी सुरक्षा गार्ड और सुपरवाइजर की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.
मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जारी किए गए निर्देश
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, नई रेफरल व्यवस्था लागू होने के बाद जिला एवं सदर अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ने की संभावना है. ऐसे में भीड़ नियंत्रण के साथ-साथ चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक होगा. विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक मरीजों का इलाज उनके निकटतम सरकारी अस्पताल में ही कराना और अनावश्यक रेफरल की स्थिति को रोकना है.
तीनों शिफ्ट में होगी सुरक्षा गार्ड और सुपरवाइजर की तैनाती
जारी निर्देश के अनुसार, सुबह और शाम की पाली में दो-दो वर्दीधारी सुरक्षा गार्ड तथा रात्रि पाली में चार वर्दीधारी सुरक्षा गार्डों के साथ एक सुपरवाइजर की तैनाती संबंधित मैनपावर एजेंसी के माध्यम से कराई जाएगी. इससे अस्पताल परिसर में किसी भी संभावित अप्रिय घटना की स्थिति में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सकेगी.
अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था की होगी नियमित समीक्षा
स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल समीक्षा करने और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया है.
सीवान के सरकारी अस्पतालों में भी दिखेगा असर
इस निर्णय का असर सीवान सदर अस्पताल सहित जिले के सभी सरकारी अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी दिखाई देगा. मरीजों और उनके परिजनों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु और सुरक्षित ढंग से संचालित हो सकें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











