सीवान में खूनी संघर्ष: मकई बुवाई के दौरान पट्टीदारों ने कुदाल से काटकर 2 को मार डाला, दो गंभीर रूप से घायल

Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 28 May 2026 8:29 PM

विज्ञापन

एक्सीडेंट के बाद की स्थिति

Siwan News: सीवान के नौतन थाना क्षेत्र के बरोहा गांव में मकई बुवाई के दौरान वर्षों पुराने जमीनी विवाद में पट्टीदार बांका सिंह ने कुदाल से हमला कर शंकर सिंह की हत्या कर दी. इस खूनी संघर्ष में मृतक के भाई मैनेजर सिंह सहित दो लोग घायल हैं, जिनका इलाज सदर अस्पताल में जारी है. नौतन थानाध्यक्ष जीत मोहन कुमार के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

विज्ञापन

Siwan News(पंकज कुमार): सीवान जिले के नौतन थाना क्षेत्र अंतर्गत बरोहा गांव के समीप स्थित बाबा मोड़ पर गुरुवार की संध्या जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक और खूनी संघर्ष हो गया. इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे में 2 व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों से दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतक की पहचान बरोहा गांव निवासी स्वर्गीय कपिल सिंह के पुत्र शंकर सिंह और दूसरे की पहचान बांका सिंह के रूप में की गई है. वहीं, घायलों में मृतक के सगे भाई मैनेजर सिंह भी शामिल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

मकई की बुवाई के समय अचानक हुआ हमला, कुदाल से किया गया वार

घटना के संबंध में रोते-बिलखते परिजनों ने बताया कि पट्टीदारों के साथ उनका जमीनी विवाद वर्षों से चलता आ रहा है. गुरुवार की शाम को खेत में मकई (मक्का) की बुवाई का काम चल रहा था. इसी दौरान पट्टीदार बांका सिंह ने एक सोची-समझी साजिश के तहत खेत में मौजूद शंकर सिंह और उनके भाई मैनेजर सिंह पर अचानक लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के साथ हमला बोल दिया.

जब तक दोनों भाई कुछ समझ पाते, तब तक उन पर बेरहमी से वार किया जाने लगा. परिजनों के मुताबिक, हमलावर ने शंकर सिंह के सिर और शरीर के संवेदनशील हिस्सों पर कुदाल के पाश (पिछले हिस्से/धारदार हिस्से) से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. अत्यधिक चोट लगने और भारी रक्तस्राव होने के कारण शंकर सिंह की घटनास्थल पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई. साथ ही बता दें कि बांका सिंह की भी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी है.

वारदात के बाद मची अफरा-तफरी, सदर अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज

खेत में हत्या की इस सनसनीखेज वारदात के बाद मौके पर चीख-पुकार और भारी अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. ग्रामीणों को जुटता देख हमलावर वहां से भाग खड़े हुए. इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से लहूलुहान पड़े चाचा मैनेजर सिंह को आनन-फानन में इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सदर अस्पताल और पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर मृतक के शव का पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

थानाध्यक्ष का वक्तव्य: मामले की जानकारी देते हुए नौतन थानाध्यक्ष जीत मोहन कुमार ने बताया कि बरोहा गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट की घटना हुई है, जिसमें 2 व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है और दो लोग घायल हैं. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया है. घटनास्थल पर पुलिस बल की तैनाती कर मामले की गहन जांच की जा रही है. दोषियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Also Read : सीवान में लायंस क्लब सदस्यों का सम्मान समारोह, सामाजिक सेवा पर हुई चर्चा

विज्ञापन
Aditya Kumar Ravi

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Ravi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन