सीवान सिविल कोर्ट में पहली बार विशेष लोक अदालत, आठ वर्ष पुराना एनआई एक्ट मामला सुलझा

मामले का निष्पादन करते न्यायिक पदाधिकार व अन्य
राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर सीवान सिविल कोर्ट में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया. इस अनूठी पहल ने वर्षों से लंबित एनआई एक्ट से जुड़े मामलों को सुलझाया, जिसमें आठ साल पुराना एक मामला भी शामिल था.
Siwan News : राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश पर शनिवार को सिविल कोर्ट परिसर में परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) से जुड़े मामलों के निष्पादन के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया. इस दौरान वर्षों से लंबित मामलों की सुनवाई कर आपसी सहमति के आधार पर उनका निपटारा कराया गया.
आठ वर्ष पुराने मामले का हुआ निष्पादन
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सह सिविल जज (सीनियर डिवीजन) ने न्यायिक पदाधिकारी के रूप में मामलों की सुनवाई की, जबकि पैनल अधिवक्ता परशुराम सिंह ने सहयोग किया. न्यायिक पदाधिकारी नेहा त्रिपाठी की पीठ के समक्ष एनआई एक्ट से जुड़े आठ वर्ष पुराने मामले में दोनों पक्ष रामाकांत यादव और दीपक यादव उपस्थित हुए. दोनों ने आपसी सहमति से विवाद समाप्त करने पर सहमति जताई, जिसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मामले का निष्पादन कर दिया गया.
लंबित मामलों के त्वरित निपटारे की पहल
विशेष लोक अदालत में अन्य मामलों की भी आंशिक सुनवाई की गई. न्यायालय परिसर में आयोजित इस विशेष लोक अदालत के माध्यम से पुराने मामलों के त्वरित, सरल और सौहार्दपूर्ण निपटारे की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई. राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर जिले में इस प्रकार की विशेष लोक अदालत का यह पहला आयोजन था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










