सीवान में भीषण सड़क हादसा: दुबई जाने वाले दोस्त को स्टेशन छोड़ लौट रहे दो युवकों को कार ने रौंदा, दोनों की मौत
Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 28 May 2026 5:43 PM
अस्पताल में पुलिस कर्मी
Siwan News: सीवान के महादेवा थाना क्षेत्र में हाकाम हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे गोपालगंज के सहदौलेपुर निवासी मासूम अली और एहसान अली की मौत हो गई. दोनों युवक अपने दोस्त को सीवान स्टेशन छोड़ कर लौट रहे थे. महादेवा थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और फरार कार चालक की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है.
Siwan News (पंकज कुमार/अरविंद सिंह): सीवान जिले के महादेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत हाकाम हाईवे स्थित कुशवाहा मोड़ के समीप गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहां एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण भिड़ंत में बाइक पर सवार दोनों युवकों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान पड़ोसी जिले गोपालगंज के नगर थाना क्षेत्र स्थित सहदौलेपुर गांव निवासी मासूम अली और एहसान अली के रूप में की गई है. घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है.
दोस्त को स्टेशन छोड़ने आए थे सीवान, लौटते समय हाईवे पर काल बनी कार
घटना के संबंध में शोकाकुल परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सहदौलेपुर गांव के एक युवक दिलशाद को दुबई जाना था. गुरुवार को उसे सीवान रेलवे स्टेशन पर छोड़ने के लिए गांव के ही चार दोस्त आए हुए थे. दिलशाद को ट्रेन में बैठाने और स्टेशन पर छोड़ने के बाद मासूम अली और एहसान अली एक बुलेट बाइक पर सवार होकर अपने एक रिश्तेदार के घर दावत (पार्टी) में चले गए थे. दावत खाने के बाद दोनों अपनी बाइक से वापस गोपालगंज हाईवे पर पहुंचे, जहां उनके अन्य साथी भी खड़े थे.
सभी दोस्त एक साथ गोपालगंज अपने घर लौटने ही वाले थे कि इसी दौरान हाकाम हाईवे स्थित कुशवाहा मोड़ के समीप एक अज्ञात तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर लहुलूहान हो गए. स्थानीय लोगों की सूचना पर महादेवा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल सीवान में भर्ती कराया.
रास्ते में ही तोड़ा दम, दो भाइयों में बड़ा था मासूम अली
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मासूम अली को मृत घोषित कर दिया. वहीं, एहसान अली की नाजुक हालत को देखते हुए परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज ले जा रहे थे, लेकिन दुर्भाग्यवश रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया. अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने बताया कि मृतक मासूम अली अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था और अभी पढ़ाई कर रहा था. उसकी तीन बहनें हैं. मासूम की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां और बहनें सदर अस्पताल पहुंचीं और शव से लिपटकर दहाड़ मारकर रोने लगीं, जिससे वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं.
दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपी चालक की तलाश तेज
हादसे को अंजाम देने के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से तेजी से फरार होने में कामयाब रहा. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बुलेट बाइक को जब्त कर थाने ले आई है. महादेवा थाना पुलिस ने मासूम अली के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है.
जिस स्थान पर यह भीषण हादसा हुआ है, वहां आसपास कई व्यावसायिक दुकानें स्थित हैं जिनमें सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं. पुलिस कार की पहचान और आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए इन सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है.
थानाध्यक्ष का वक्तव्य: मामले की जानकारी देते हुए महादेवा थानाध्यक्ष विनीत कुमार विनायक ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत का मामला सामने आया है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार कार व उसके चालक की पहचान की जा रही है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










