सीवान में बंदरों को आम खिलाना पड़ा भारी, दीवार गिरने से एक ही परिवार के तीन बच्चे घायल...
Published by : Sakshi kumari Updated At : 27 May 2026 2:12 PM
इलाजरत बच्चे
Siwan News: जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के लकड़ी दरगाह गांव में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया. घर में हाल ही में बनायी गयी नई दीवार अचानक गिर पड़ी.
Siwan News: (सीवान से पंकज कुमार की रिपोर्ट)
जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के लकड़ी दरगाह गांव में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया. घर में हाल ही में बनायी गयी नई दीवार अचानक गिर पड़ी, जिसकी चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन सगे भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गयी.
बंदरों के झुंड के कारण ढही नई दीवार
बताया जा रहा है कि गांव में काफी संख्या में बंदरों का झुंड पहुंचा हुआ था. घायल बच्चे घर के पास खेल रहे थे और बंदरों को आम खिला रहे थे. इसी दौरान कई बंदर एक साथ नई बनी दीवार पर बैठ गये और वहीं आम खाने लगे. बंदरों का वजन बढ़ने से दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी.
मलबे में दब गये तीनों भाई-बहन
दीवार गिरते ही उसके पास मौजूद तीनों बच्चे मलबे की चपेट में आ गये. बच्चों की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे. लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर तीनों बच्चों को बाहर निकाला. घायलों की पहचान हरेराम साह के पुत्र सन्नी कुमार, रोहित कुमार और पुत्री राधा कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों और ग्रामीणों की मदद से सभी को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है.
गांव में बंदरों के आतंक से लोग परेशान
घटना के बाद गांव में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा. स्थानीय लोगों ने बताया कि इन दिनों गांव में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. चिकित्सकों के अनुसार तीनों बच्चों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Also Read: बेलागंज के बेला रॉयल होटल में पुलिस की रेड, भूसे में छुपी मिली विदेशी शराब, संचालक गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sakshi kumari
साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










