24 घंटे में सीवान नगर परिषद का यू-टर्न, 81 सफाई कर्मियों की सेवा फिर बहाल
सीवान नगर परिषद ने 24 घंटे के भीतर यू-टर्न लेते हुए 81 दैनिक पारिश्रमिक सफाई कर्मियों की सेवा बहाल कर दी है. पहले सेवा समाप्ति का आदेश जारी हुआ था, लेकिन विरोध के बाद प्रशासन ने अपना निर्णय वापस ले लिया. इससे कर्मियों को बड़ी राहत मिली है.
Safai Workers Reinstated Siwan: नगर परिषद ने महज 24 घंटे के भीतर बड़ा फैसला बदलते हुए दैनिक पारिश्रमिक पर कार्यरत 81 सफाई कर्मियों की सेवा बहाल कर दी है. एक दिन पहले ही इन कर्मियों की सेवा समाप्त करने का आदेश जारी किया गया था. लेकिन सफाई कर्मियों के विरोध और आंदोलन के बाद नगर परिषद प्रशासन ने अपना निर्णय वापस लेते हुए नया आदेश जारी कर दिया.
सेवा समाप्ति का आदेश निरस्त, पूर्व की तरह काम करेंगे कर्मी
नगर कार्यपालक पदाधिकारी की ओर से जारी नए आदेश में कहा गया है कि दैनिक पारिश्रमिक पर कार्यरत सभी 81 सफाई कर्मियों की सेवा पूर्ववत जारी रहेगी. इसके साथ ही पहले जारी सेवा समाप्ति संबंधी आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है.
आउटसोर्सिंग एजेंसी के चयन के बाद हटाने का लिया गया था निर्णय
गौरतलब है कि नगर परिषद ने बुधवार को आदेश जारी कर कहा था कि दैनिक पारिश्रमिक पर कार्यरत 81 सफाई कर्मियों का पद सृजित नहीं है. वहीं आउटसोर्सिंग एजेंसी के चयन के बाद इन कर्मियों की आवश्यकता नहीं रह गई है. विभागीय निर्देशों का हवाला देते हुए सभी कर्मियों का नियोजन समाप्त करने का आदेश दिया गया था.
नगर परिषद की ओर से यह भी कहा गया था कि इच्छुक और कार्य करने में सक्षम कर्मियों को आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से काम करने का अवसर दिया जाएगा.
विरोध और आंदोलन के बाद बदला फैसला
सेवा समाप्ति के आदेश के बाद सफाई कर्मियों में भारी नाराजगी फैल गई थी. पहले से जारी हड़ताल के बीच इस फैसले का जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों ने भी विरोध किया. विरोध बढ़ने के बाद नगर परिषद प्रशासन ने 24 घंटे के अंदर अपना फैसला बदल दिया.
आपात बैठक में लिया गया सेवा बहाली का निर्णय
सफाई कर्मियों की सेवा बहाली को लेकर उपसभापति किरण गुप्ता की अध्यक्षता में और कार्यपालक पदाधिकारी नीलम श्वेता के संचालन में आपात बैठक आयोजित की गई. बैठक में सभी 81 सफाई कर्मियों की सेवा पूर्ववत जारी रखने का निर्णय लिया गया.
नगर परिषद के इस फैसले से सफाई कर्मियों को बड़ी राहत मिली है.
इसे भी पढ़ें: बिहार में इस उद्योग के लिए सरकार देगी 70 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी, एक क्लिक में होगा आवेदन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










